मुजफ्फरपुर: बड़ी खबर मुजफ्फरपुर से है जहां जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. यह घटना बिजली पोल संख्या111/23के पास की बताई जा रही है, जहां अपलाइन पटरी से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में युवक आ गया.
घटना के बाद मौके पर देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही मोतीपुर थाना की पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने रेलवे लाइन के समीप सड़क किनारे अपनी बाइक खड़ी की और इसके बाद पटरी की ओर दौड़कर जाने लगा. इसी दौरान उक्त पटरी पर मालगाड़ी आ रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि ट्रेन को आता देख युवक पटरी पर लेट गया, जिससे ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के जीतौरा निवासी शेख कमालुद्दीन के36वर्षीय पुत्र इरफान के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि इरफान मोतीपुर थाना क्षेत्र के रामपुरगन स्थित अपने ससुराल आया हुआ था और मंगलवार सुबह ससुराल से निकला था. कुछ देर बाद परिजनों को उसके ट्रेन से कटने की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया.
ग्रामीणों के अनुसार, इरफान मानसिक बीमारी से पीड़ित था और पिछले कई वर्षों से उसका इलाज चल रहा था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
मुजफ्फरपुर से रविरंजन कुमार की रिपोर्ट--
