BIG BREAKING : सीएम सम्राट चौधरी ने लोकसेवक आवास में की हाई लेवल मीटिंग
पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में गुरुवार को लोकसेवक आवास में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में केंद्र सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने हिस्सा लिया.
बैठक में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा ऊर्जा विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई. बिहार में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने, ऊर्जा क्षेत्र के विस्तार तथा स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा हुई. साथ ही केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय के जरिए विकास परियोजनाओं को गति देने पर भी विचार-विमर्श किया गया.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से बिहार के विकास को नई गति मिलेगी.
बैठक में दोनों सरकारों के बीच समन्वय को और मजबूत करने तथा आम जनता तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने पर भी जोर दिया गया. सरकार ने स्पष्ट किया कि समृद्ध बिहार के निर्माण और बेहतर सेवा वितरण के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ लगातार समीक्षा और निगरानी की जाएगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





