BIG BREAKING : बिहार के शिक्षकों के लिए बड़ी खबर, 29 जुलाई से खुलेगा ट्रांसफर पोर्टल
पटना:बिहार के सरकारी शिक्षकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. लंबे समय से स्थानांतरण का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए 29 जुलाई से ऑनलाइन ट्रांसफर आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है. शिक्षा विभाग के विशेष पोर्टल के माध्यम से शिक्षक अपने स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे. इस बार ट्रांसफर प्रक्रिया का दायरा बढ़ाते हुए कई नई श्रेणियों के शिक्षकों को भी इसमें शामिल किया गया है.
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के अनुसार,29 जुलाई से शिक्षक विभागीय पोर्टल पर लॉगिन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से स्थानांतरण प्रक्रिया को अधिक आसान और पारदर्शी बनाने की कोशिश की गई है. शिक्षकों को अपनी पसंद के गृह जिले या पसंदीदा स्थान के लिए आवेदन करने का अवसर मिल सकता है.
इस बार सामान्य विद्यालयों के शिक्षकों के साथ-साथTRE-3 के माध्यम से नियुक्त शिक्षक भी ट्रांसफर के लिए आवेदन कर सकेंगे. इसके अलावा स्कूलों के प्रधानाध्यापक यानी हेडमास्टर और पुस्तकालयाध्यक्ष यानी लाइब्रेरियन को भी स्थानांतरण प्रक्रिया के दायरे में शामिल किया गया है. इससे लंबे समय से तबादले का इंतजार कर रहे बड़ी संख्या में शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है.
वहीं, BPSCकी चौथे चरण की शिक्षक भर्तीTRE-4 को लेकर भी बड़ी जानकारी सामने आई है. शिक्षा मंत्री ने बताया कि शिक्षक भर्ती से संबंधित आवश्यक अधियाचना तैयार कर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भेज दी गई है. अबTRE-4 के तहत कितने पदों पर भर्ती होगी,इसका आधिकारिक एलान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे.
एक तरफ शिक्षकों के लिए ट्रांसफर पोर्टल खुलने जा रहा है,वहीं दूसरी ओरTRE-4 की सीटों के एलान का इंतजार तेज हो गया है. ऐसे में कार्यरत शिक्षकों और शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों की नजर अब सरकार के अगले फैसले पर टिकी है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





