बांकीपुर हार के बाद RJD में बढ़ा घमासान : भाई वीरेंद्र का शक्ति यादव पर पलटवार,बोले-सीमा में रहें वरना चिट्ठा खोल दूंगा
पटना: आरजेडी को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मिली निराशाजनक हार के बाद पार्टी के अंदर बयानबाजी तेज हो गई है। मनेर से राजद विधायक भाई वीरेंद्र और पार्टी प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव के बीच जुबानी जंग खुलकर सामने आ गई है। भाई वीरेंद्र ने शक्ति सिंह यादव पर निशाना साधते हुए चेतावनी दी कि वे अपनी सीमा में रहें, अन्यथा वह कई ऐसे तथ्य सार्वजनिक कर देंगे जिनका जवाब देना मुश्किल होगा।
भाई वीरेंद्र का कई नेताओं पर आरोप
पत्रकारों से बातचीत में भाई वीरेंद्र ने कहा कि उनके नेता केवल लालू प्रसाद हैं। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद ने तेजस्वी यादव को नेतृत्व की जिम्मेदारी दी है, इसलिए तेजस्वी भी उनके नेता हैं। उन्होंने बिना नाम लिए कुछ नेताओं पर आरोप लगाया कि वे तेजस्वी यादव के नाम और चेहरे का इस्तेमाल अपने निजी हितों के लिए कर रहे हैं, जिससे पार्टी की छवि प्रभावित हो रही है।
भाई वीरेंद्र ने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव का दिया हवाला
भाई वीरेंद्र ने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि वह लोकदल के समय से राजनीति में हैं और वर्ष 2010 में जब राजद के केवल 22 विधायक थे, तब भी पार्टी के साथ मजबूती से खड़े थे। उन्होंने दावा किया कि उनकी राजनीति का एकमात्र उद्देश्य तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना है।
उपचुनाव में हार के बाद आरजेडी मेंकुछ लोगों को हटाने की सलाह
बांकीपुर उपचुनाव में हार के बाद आरजेडी के अंदर लगातार असंतोष और आत्ममंथन का दौर चल रहा है। इससे पहले भी भाई वीरेंद्र ने तेजस्वी यादव के आसपास के कुछ लोगों को हटाने की सलाह दी थी। अब शक्ति सिंह यादव पर उनके ताजा हमले ने यह संकेत दे दिया है कि पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं और आने वाले दिनों में यह विवाद और गहरा सकता है।





