Hindi News / संसद में राहुल गांधी पर गिरिराज सिंह का तीखा हमला, विपक्ष पर लगाया...

DELHI NEWS : संसद में राहुल गांधी पर गिरिराज सिंह का तीखा हमला, विपक्ष पर लगाया गतिरोध का आरोप

Edited By:  |
delhi news delhi news

दिल्ली: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि देश ने कई प्रभावशाली विपक्षी नेताओं को देखा है,लेकिन राहुल गांधी जैसा विपक्ष का नेता कभी न मिले. गिरिराज सिंह ने संसद में जारी गतिरोध के लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि कुछ सांसद लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के बजाय केवल सदन की कार्यवाही बाधित करने का काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे सांसदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.

राहुल गांधी के छात्र आंदोलन से जुड़े बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि उन्हें पहले अपना आत्ममूल्यांकन करना चाहिए,उसके बाद दूसरों को सलाह देनी चाहिए. उन्होंने दावा किया कि विपक्ष लगातार संसद की कार्यवाही में व्यवधान डालकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर रहा है.

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती पर भी केंद्रीय मंत्री ने तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि महबूबा मुफ्ती लंबे समय तक आतंकवादियों के समर्थन में खड़ी रही. साथ ही कहा कि भाजपा ने उनके साथ सरकार चलाकर जम्मू-कश्मीर के हालात सुधारने का प्रयास किया,लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिली.

गिरिराज सिंह ने 5 अगस्त को देश के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन बताते हुए कहा कि यह तारीख स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस की तरह विशेष महत्व रखती है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की सराहना करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. उनके इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है.

संजय कुमार की रिपोर्ट--