Hindi News / पटना नगर निगम ने कई अवैध इमारतों को चिह्नित कर तोड़ने का दिया...

अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई : पटना नगर निगम ने कई अवैध इमारतों को चिह्नित कर तोड़ने का दिया आदेश

Edited By:  |
atikraman ke khilaf sakhta karrawai atikraman ke khilaf sakhta karrawai

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पदभार संभालते ही पटना में बुलडोजर एक्शन तेज हो गया है. अवैध निर्माण और सरकारी जमीन पर कब्जे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. पटना नगर निगम ने कई इमारतों को चिह्नित कर उन्हें तोड़ने का आदेश जारी किया है. इस कार्रवाई से प्रभावित परिवारों में हड़कंप मच गया है.

पटना में इन दिनों बुलडोजर एक्शन लगातार जारी है. प्रशासन की ओर से उन इमारतों पर कार्रवाई की जा रही है जो या तो सरकारी जमीन पर बनी हैं या बिना नक्शे के निर्माण किया गया है.

इसी कड़ी में पटना के जुजरा इलाके में कई मकानों को चिह्नित किया गया है. यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से इस जमीन पर रह रहे हैं और उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से घर बनाया है. उनका दावा है कि वे जमीन खरीदकर मकान बनाए हैं और नियमित रूप से टैक्स और अन्य शुल्क भी जमा करते रहे हैं.

प्रशासन की ओर से इन मकानों पर लाल निशान लगा दिया गया है और नोटिस जारी कर 30 दिनों के भीतर खाली करने का आदेश दिया गया है. कई इमारतों के ऊपरी हिस्सों को भी तोड़े जाने की तैयारी है.

इस कार्रवाई से प्रभावित परिवारों का रो-रो कर बुरा हाल है. एक परिवार ने बताया कि उनके घर में शादी का माहौल था,28 तारीख को बारात आनी थी,लेकिन अब घर टूटने के डर से शादी की तैयारियां भी प्रभावित हो गई हैं.

लोगों का कहना है कि अगर उनका घर तोड़ा गया तो वे पूरी तरह बेघर हो जाएंगे. कुछ लोगों ने नाराजगी जताते हुए यहां तक कह दिया कि वे इस कार्रवाई के खिलाफ किसी भी हद तक जा सकते हैं.

फिलहाल,मामला पटना हाईकोर्ट पहुंच चुका है और प्रभावित परिवारों ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है. अब सबकी नजर कोर्ट के फैसले पर टिकी है.

कैमरे पर कई परिवारों का दर्द साफ दिखाई दिया, जहां लोग अपने सपनों का घर बचाने की गुहार लगाते नजर आए.

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-