झारखंड में आरजेडी को मजबूत करने के लिए मिशन झारखंड पर तेजस्वी पहुंचे रांची....कल करेंगे कार्यकर्ता सम्मेलन...
 
                                             
                                            
                                            रांची- बिहार के बाद अब झारखंड में आरजेडी को नई ताकत देने के लिए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रांची पहुंचें। रांची पहुंचने पर आरजेडी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। दो दिनों के झारखंड प्रवास पर आए तेजस्वी यादव कल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करने के बाद कार्यकर्ता सम्मेलन करेंगे। जिसमें वे पार्टी के नेताओं को झारखंड में आरजेडी को मजबूत करने मंत्र देंगे।
सीएम से मुलाकात और कार्यकर्ता सम्मेलन
तेजस्वी यादव अपने दौरे के दूसरे दिन यानि 9 सितम्बर को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से 11 बजे औपचारिक मुलाकात करेंगे। दोनों युवा नेताओं की इस मुलाकात पर सबकी नजर होगी। खासकर ऐसे में जब भोजपुरी और मगही भाषा को लेकर हेमंत सोरेन के बयान पर झारखंड का सियासी पारा चढा हुआ है। सा माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर दोनों नेताओं में बात होगी।
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह की अध्यक्षता में डीपीएस स्कूल के नजदीक कार्निवल मैरिज हॉल में दिन के 12:00 बजे कार्यकर्ता सम्मेलन होने वाला है। इस कार्यक्रम के तेजस्वी यादव बतौर मुख्य अतिथि होंगे। इस सम्मेलन में झारखंड के प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव भी मौजूद रहेंगे।
तेजस्वी का मिशन झारखंड
तेजस्वी यादव की नजर अब बिहार के साथ साथ झारखंड पर भी है। क्योंकि तेजस्वी यादव यह जानते हैं कि आरजेडी को अगर फिर से खडा करना है तो पार्टी को झारखंड में मजूबत होना होगा। पार्टी नेताओं का दावा है कि इस बार 10 लाख लोगों को पार्टी का सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है और सभी नेता और कार्यकर्ता इस मुहिम में जुट गए हैं। झारखंड में भले ही आरजेडी सत्ताधारी गठबंधन में है लेकिन उसका स्थिति वैसी नहीं है कि वह सरकार के हर फैसले में भागीदार बने। पिछले विधानसभा चुनाव में आरजेडी जेएमएम और कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लडी थी। जिसमें आरजेडी को 7 सीटें मिली थी। लेकिन जेएमएम और कांग्रेस का साथ मिलने के बाद भी आरजेडी सिर्फ एक सीट पर जीत हासिल कर सकी और उसे 6 सीटों पर हार का सामना करना पडा। बगल के राज्य बिहार में जहां आरजेडी पूरे धमक के साथ राजनीति करती है, वहीं झारखंड में उसका हालत इतनी नाजुक है।
इसी को देखते हुए अब तेजस्वी यादव झारखंड के लिए बेहद गंभीर हो गए हैं। अब वे हर महीने के तीसरे शनिवार को झारखंड में जाकर संगठन को मजबूत करेंगे ताकि आने वाले समय में पूरे धमक के साथ झाऱखंड में अपनी उपस्थिति दर्ज करा सके।
 
                                




