धनबाद : फरार कुख्यात अपराधी किशन खान रांची से गिरफ्तार,जानिए प्रिंस खान को कैसे पहुंचाता था मदद

Edited By:  |
dhanbad dhanbad

धनबाद:धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने कुख्यात अपराधी किशन खान उर्फ तसलीम खान को रांची से गिरफ्तार किया है. पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी. सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जामकारी दी. एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रांची में छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा.

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह कुख्यात अपराधी प्रिन्स खान के लिए काम करता था. वह गिरोह के सदस्यों को रंगदारी वसूली के लिए व्यवसायियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराता था, अपराधियों को आश्रय देता था, वित्तीय सहायता करता था और रंगदारी से अर्जित अवैध रकम को जमीन और अन्य व्यवसाय में निवेश करता था.

गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है. बता दें किकिशन खान का आपराधिक इतिहास रहा है. बरवाअड्डा थाना में कई गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं,जिनमें वर्ष 2025 और 2026 के कांड शामिल हैं.

धनबाद पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.