Bishan Singh Bedi : नहीं रहे धुरंधर स्पिनर बिशन सिंह बेदी, 77 साल की उम्र में ली आखिरी सांस, खेल जगत में शोक की लहर

Edited By:  |
Veteran spinner Bishan Singh Bedi is no more Veteran spinner Bishan Singh Bedi is no more

Bishan Singh Bedi : भारत में क्रिकेट का महाकुंभ चल रहा है। इस बीच क्रिकेट के गलियारे से एक बुरी खबर सामने आ रही है कि महान लेग स्पिनर और भारत के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी का निधन हो गया है। वे 77 साल के थे। जानकारी के मुताबिक वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बिशन सिंह बेदी को टेस्ट इतिहास का सबसे बेहतरीन स्पिनर माना जाता था। वे पिछले दो साल से बीमार थे और तकरीबन महीने भर पहले ही उनके घुटने की सर्जरी हुई थी। उनके परिवार में पत्नी अंजू सिंह बेदी और दो बच्चे हैं।

नहीं रहे धुरंधर स्पिनर बिशन सिंह बेदी

ईरापल्ली प्रसन्ना, चंद्रशेखर और वेंकटराघवन के साथ उनकी जोड़ी कमाल की थी। जब ये सभी गेंदबाज एकसाथ मैदान पर उतरते थे तो अपनी फिरकी के जादू से बल्लेबाजों को परेशान कर देते थे। बल्लेबाज इस चौकड़ी से काफी खौफ खाते थे।


22 टेस्ट मैचों में की थी कप्तानी

बिशन सिंह बेदी का जन्म 25 सितंबर 1946 को अमृतसर में हुआ था। वे बाएं हाथ के शानदार स्पिन गेंदबाज थे। उन्होंने भारत के लिए 1966 से 1979 तक टेस्ट क्रिकेट खेला है और वे प्रसिद्ध भारतीय स्पिन चौकड़ी का हिस्सा भी थे। उन्हें एक सख्त कोच के तौर पर भी याद किया जाता है।


उन्होंने 22 टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी भी की थी। उन्होंने 67 टेस्ट मैचों में 266 विकेट चटकाए। उन्होंने 1560 विकेटों के साथ अपना प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर खत्म किया। उन्होंने 10 एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैचों में 7 विकेट भी लिए। बिशन सिंह बेदी ने 31 दिसंबर 1966 को कोलकाता के ऐतिहासिक स्टेडियम ईडन गार्डंस में टेस्ट करियर का आगाज किया था जबकि अगस्त-सितंबर 1979 में द ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट खेला था। उन्होंने पहला वन-डे इंग्लैंड के खिलाफ 13 जुलाई 1974 को लॉर्ड्स खेला था जबकि आखिरी वन-डे 16 जून को 1979 को श्रीलंका के खिलाफ मैनचेस्टर में खेला था।

गौरतलब है कि महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी के पुत्र अंगद बेदी एक बॉलीवुड एक्टर हैं। उन्होंने बॉलीवुड की कई फिल्मों के साथ-साथ कई वेब सीरीज में भी काम किया है। अंगद बेदी ने बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया से शादी की है।


Copy