UGC कानून की मांग तेज : मधेपुरा में सड़कों पर उतरे एससी-एसटी, ओबीसी और माइनॉरिटी समाज के युवा वर्ग, निकाला आक्रोश मार्च
मधेपुरा:शहर में बुधवार को एससी-एसटी, ओबीसी और माइनॉरिटी समाज के युवाओं ने UGC के नए नियम को लागू करने की मांग को लेकर आक्रोश मार्च निकाला.बड़ी संख्या में शामिल छात्र-युवाओं ने नारेबाजी करते हुए अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद किया.आक्रोश मार्च बीएनएमयू परिसर से शुरू होते हुई कॉलेज चौक, भूपेंद्र चौक, बीपी मंडल चौक और कलेक्ट्रेट होते हुए कला भवन पहुंचकर समाप्त हुआ. पूरे मार्ग में प्रदर्शनकारी यूजीसी कानून के समर्थन में नारे लगाते रहे और इसे अविलंब लागू करने की मांग करते नजर आए.
आक्रोश मार्च में शामिल युवाओं ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के आलोक में यूजीसी द्वारा पहली बार बहुसंख्यक पिछड़े समाज के हित में एक सशक्त कानून लाया गया है लेकिन, कुछ स्वार्थी तत्वों द्वारा साजिश के तहत इसे रोकने का प्रयास किया जा रहा है. जो कि पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है. युवाओं ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक यूजीसी कानून पूरी तरह लागू नहीं किया जाता, तब तक एससी-एसटी, ओबीसी और माइनॉरिटी समाज के छात्र व युवा चुप नहीं बैठेंगे. अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रहेगा.





