स्थापना दिवस : धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में जेएमएम ने धूमधाम से मनाया स्थापना दिवस,सीएम हेमंत सोरेन ने साझा किया मंच
धनबाद: जिले के गोल्फ ग्राउंड में जेएमएम द्वारा आयोजित 54वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया. प्रदेश के कई मंत्री-विधायकों सहित हजारों समर्थकों की भीड़ उमड़ी हुई थी. स्थापना दिवस के मौके पर पूरा गोल्फ ग्राउंड ढोल नगाड़ों से गूंज उठा. इस मौके पर पूरा नजारा झारखंड की संस्कृति से पटा हुआ था.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही मौजूद नेताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर भव्य स्वागत किया. मंच पर मौजूद नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को 21किलो का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया. कार्यक्रम मेंमुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पिता दिशोम गुरु शिबू शोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को चांदी का तीर धनुष भेंट किया. इस दौरान सीएम ने मंच से कार्यक्रम को संबोधित किया.कार्यक्रम में मौजूद विधायक और मंत्रियों ने अपने-अपने विचार साझा किए.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संबोधन के शुरूआत में ही भावुक होते हुए कहा कि गुरुजी के बिना यह पहला स्थापना दिवस है, लेकिन उनके सपनों को पूरा करने का संकल्प पार्टी और सरकार ने लिया है. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने झारखंड राज्य को लेकर कहा था कि यह राज्य नहीं चल पाएगा, आज वही लोग देख रहे हैं कि झारखंड मजबूती से आगे बढ़ रहा है.
हेमंत सोरेन ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि 14–15 वर्षों के उनके शासन में राज्य को बीमारू बना दिया गया और पलायन बढ़ा है. 15–17 साल बाद बीजेपी से सत्ता छीनकर जेएमएम की सरकार ने राज्य को नई दिशा दी. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार छात्र-छात्राओं को विदेश में पढ़ने का अवसर दे रही हैं. महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए महिला सम्मान योजना चला रही हैं.
उन्होंने गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत बच्चों को शिक्षा के लिए 15 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है. मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड को मजदूरों का राज्य बनाकर दूसरे राज्यों के विकास में लगाया गया है.





