सेक्स रैकेट पर पुलिस का बड़ा एक्शन : पटना में होटल-स्पा सेंटरों में छापेमारी, 2 नाबालिग लड़कियां रेस्क्यू, 1 गिरफ्तार
पटना: राजधानी पटना में होटल,लॉज और स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे कथित सेक्स रैकेट के खिलाफ पटना पुलिस ने विशेष अभियान शुरु किया है. पिछले दो दिनों से पटना के सेंट्रल और पूर्वी क्षेत्र में लगातार छापेमारी की जा रही है. अभियान के तहत कई होटल,स्पा सेंटर और संदिग्ध मकानों की तलाशी ली गई. इस दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की,जिन्हें सत्यापन के बाद छोड़ दिया गया. इसी अभियान के दौरान जक्कनपुर थाना क्षेत्र के करबिगहिया स्थित नंद होटल में छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों लड़कियों को पहले नालंदा से पटना लाया गया था.
मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पटना पुलिस का कहना है कि होटल,लॉज और स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है. ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सेक्स रैकेट के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
पटना से विवेक कुमार रॉय की रिपोर्ट--





