सदन में गूंजा विस्थापितों का मुद्दा : ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने सरकार से किया आग्रह,चांडिल डैम के विस्थापितों को मुआवजा देने की मांग
रांची:झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन सदन में ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने चांडिल डैम निर्माण से जुड़े विस्थापितों का मुद्दा उठाया.उन्होंने चांडिल डैम निर्माण से विस्थापित हुए 116 गांवों के लोगों की समस्याओं को सदन में उठाया. विधायक ने कहा कि 116 गांवों के लोग पूणर्वास और उचित मुआवजे से वंचित हैं. ईचागढ़ विधायक नेसरकार से मुआवजा देने की मांग की है.
सदन में विधायक ने कहा कि 192 आरएल तक प्रभावित सभी विस्थापितों को मुआवजा मिलना चाहिए और आरएल की बाध्यता को समाप्त किया जाना चाहिए, ताकि कोई भी प्रभावित परिवार लाभ से वंचित न रह सके. इस मुद्दे पर जवाब देते हुए जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि वर्तमान में 185 आरएल तक मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया चल रही है. शेष प्रभावितों को भी नियमानुसार राशि दी जा रही है.
मंत्री हफीजुल हसनने बताया कि वर्तमान में 13 करोड़ 27 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं. इसके तहत 22 गांवों को चिह्नित किया गया है. जिनमें से 13 गांवों की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. गौरतलब है कि चांडिल डैम परियोजना से 192 आरएल तक में 84 मौजा और 116 गांव प्रभावित हैं.
विस्थापित लंबे समय से पूर्ण मुआवजा और पुनर्वास की मांग कर रहे हैं. विधायक सविता महतो ने सरकार से आग्रह किया कि सभी प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए. ताकि उन्हें राहत मिल सके.





