Hindi News / कांग्रेस ने प्रणव झा के नाम पर लगाई मुहर,AICC ने जारी की उम्मीदवारों...

झारखंड राज्यसभा चुनाव : कांग्रेस ने प्रणव झा के नाम पर लगाई मुहर,AICC ने जारी की उम्मीदवारों की सूची

Edited By:  |
rajyasabha chunaw rajyasabha chunaw

रांची:झारखंडकांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए वरिष्ठ नेता प्रणव झा को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा जारी सूची में उनके नाम पर आधिकारिक मुहर लगने के साथ ही पिछले कई दिनों से चल रही अटकलों पर विराम लग गया है. संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे प्रणव झा को पार्टी का अनुभवी रणनीतिकार और मजबूत संगठनकर्ता माना जाता है.

संगठन में लंबा अनुभव, कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं

बोकारो निवासी प्रणव झा का कांग्रेस संगठन में लंबा और सक्रिय राजनीतिक सफर रहा है. वर्ष 2013 में उन्हें झारखंड कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग का समन्वयक बनाया गया था इसके बाद वर्ष 2017 में पार्टी नेतृत्व ने उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के संचार विभाग में सचिव (सेक्रेटरी इन-चार्ज ऑफ कम्युनिकेशन) की जिम्मेदारी सौंपी. संगठन में उनकी सक्रियता और कार्यशैली को देखते हुए वर्ष 2022 में उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय से जुड़े AICC कोऑर्डिनेटर्स में शामिल किया गया. वहीं, 2024 में वे कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय में सचिव के रूप में कार्यरत रहे. इसके अलावा वे राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर भी पार्टी का पक्ष प्रभावी ढंग से रखते रहे हैं.

खड़गे के करीबी सहयोगियों में होती है गिनती

राजनीतिक हलकों में प्रणव झा को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के करीबी सहयोगियों में गिना जाता है. वे लंबे समय तक खड़गे के राजनीतिक सहयोगी और उनके निजी स्टाफ का हिस्सा रहे हैं. इससे पहले उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन के साथ भी विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाई हैं. यही वजह है कि पार्टी नेतृत्व का उन पर लगातार भरोसा बना रहा.


महागठबंधन के संख्या बल से जीत की राह आसान

झारखंड में महागठबंधन के पास राज्यसभा चुनाव में पर्याप्त संख्या बल है. ऐसे में राजनीतिक जानकार प्रणव झा की जीत को लगभग तय मान रहे हैं. माना जा रहा है कि कांग्रेस ने संगठन में उनके लंबे योगदान, अनुभव और नेतृत्व के भरोसे को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है.

राज्यसभा के जरिए संसद पहुंचने की तैयारी

प्रणव झा के उम्मीदवार घोषित होने के बाद अब उनका राज्यसभा पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है. कांग्रेस नेतृत्व ने झारखंड से उन्हें उम्मीदवार बनाकर यह संकेत दिया है कि संगठन में लंबे समय से काम कर रहे नेताओं को भी पार्टी उचित सम्मान और अवसर देने की नीति पर आगे बढ़ रही है.