बिहार में रोजगार के अवसर : 26 हजार शिक्षकों और कर्मचारियों की नियुक्ति प्रस्तावित,खाली पदों को भरने की तैयारी
पटना:बिहार में उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ी भर्ती योजना की तैयारी शुरू कर दी है. कुल मिलाकर करीब 26 हजार शिक्षकों और कर्मचारियों की नियुक्ति प्रस्तावित है. योजना के तहत लगभग 6,600 व्याख्याताओं की बहाली की जाएगी, जबकि 11 हजार से अधिक गैर-शैक्षणिक कर्मियों की भी नियुक्ति होगी. इससे राज्य के महाविद्यालयों में लंबे समय से चली आ रही रिक्तियों को भरने में मदद मिलेगी.
नए डिग्री कॉलेजों में भी बड़े पैमाने पर मिलेंगे रोजगार
इसके अलावा राज्य में प्रस्तावित 211 नए डिग्री कॉलेजों में भी बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर खुलेंगे. इन संस्थानों में करीब 9300 पदों पर नियुक्तियां की योजना है, जिनमें शिक्षक और गैर-शिक्षण दोनों प्रकार के पद शामिल होंगे. राज्य के 13 विश्वविद्यालयों में भी खाली पड़े पदों को भरा जाएगा, जहां वर्तमान में 50% से अधिक शिक्षक पद और 60% से अधिक गैर-शैक्षणिक पद रिक्त हैं.
वर्ष के अंत तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरा करने का लक्ष्य
लंबे समय से रुकी हुई भर्ती प्रक्रिया को अब फिर से गति दी गई है और सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष के अंत तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली जाए. शिक्षकों की कमी से कॉलेजों में पढ़ाई, परीक्षा और परिणाम प्रभावित हो रहे हैं, जिससे छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नई भर्ती से उच्च शिक्षा में सुधार और व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.





