राजधानी रांची में मिला तक्षक नाग सांप : स्नेक कैचर ने सांप को रेस्क्यू कर बिरसा जैविक उद्यान को सौंपा
रांची : झारखंड की राजधानी रांची में एक ऐसा सांप रेस्क्यू किया गया है जो काफी रेयर ही पाया जाता है. रांची के नामकुम इलाके स्थित आरसीएच के ऑफिस से तक्षक नाग का रेस्क्यू किया गया है जिसे उड़ने वाला सांप भी कहा जाता है.
बता दें कि रांची के आरसीएच ऑफिस में एक सांप को देख कर वहां काम करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया. सांप से डर कर ऑफिस स्टाफ ऑफिस से बाहर निकल गए. इसके बाद स्नेक कैचर को इसकी सूचना दी गई और फिर पिठौरिया के रहने वाले स्नेक कैचर रमेश कुमार महतो ने आरसीएच ऑफिस पहुंच कर ऑर्नेट फ्लाइंग स्नेक को दवा के एक कार्टून से रेस्क्यू कर बाहर निकाला. इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली.
दरअसल यह सांप देखने में खूबसूरत होता है. लेकिन सांप प्रजाति के होने की वजह से लोगों में काफी डर होता है. स्नेक कैचर ने बताया कि ऑर्नेट स्नेक में हल्का जहर होता है. इसका इस्तेमाल वह शिकार पकड़ने के लिए करते हैं. यह सांप मुख्य रूप से छिपकली खाते हैं.
इस सांप को बोलचाल की भाषा में तक्षक नाग और उड़ने वाला सांप कहा जाता है. सांप की लंबाई3फीट से थोड़ी ज्यादा पाई गई. यह एक पेड़ से दूसरे पेड़ में दूर तक छलांग लगा कर अपने शिकार को पकड़ता है. खास बात यह है कि यह सांप50से100फीट तक छलांग लगा लेता है. इसी वजह से इसे लोग उड़ने वाला सांप कहते हैं. रमेश कुमार महतो ने इस सांप को रेस्क्यू करने के बाद बिरसा जैविक उद्यान को सौंप दिया है.
रांची से नैयर की रिपोर्ट---





