BIHAR NEWS : माले ने गठबंधन को लिखा पत्र – गैस संकट, बिजली दर में वृद्धि और महिला हिंसा पर बैठक की मांग की
पटना: भाकपा–माले ने गैस संकट,बिजली दर में वृद्धि और महिला हिंसा पर संयुक्त आंदोलनात्मक पहलकदमी के लिए बैठक की मांग के साथ गठबंधन के सभी दूसरे दलों को पत्र लिखा है. राज्य सचिव कुणाल के नाम से हस्ताक्षरित पत्र को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता का. के डी यादव और कमलेश शर्मा ने गठबन्धन के नेताओं से मुलाकात की.
पत्र में कहा गया है कि आज देश और दुनिया एक गहरे संकट के दौर से गुजर रही है. अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर थोपा गया युद्ध अब केवल क्षेत्रीय नहीं रहा,बल्कि उसके गंभीर असर पूरी दुनिया में दिखाई दे रहे हैं. भारत भी इससे अछूता नहीं है. यहां एक गहरा ऊर्जा संकट आकार ले रहा है.
रसोई गैस की भारी किल्लत ने आम जनता का जीवन दूभर कर दिया है. लोग घंटों लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं,फिर भी समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही. ऊपर से लगातार बढ़ती कीमतें आम परिवारों की कमर तोड़ रही है.
बिहार की स्थिति और भी चिंताजनक है. नीतीश कुमार की साजिशपूर्ण विदाई के बाद बिजली दरों में बेतहाशा वृद्धि ने जनता पर दोहरी मार डाली है. चुनाव के समय 125 यूनिट मुफ़्त बिजली देने की घोषणा हुई,लेकिन महज चार महीनों के भीतर नई दरें लागू कर और अलग-अलग समय पर महंगी बिजली थोपकर आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया गया है. यह जनता के साथ खुला विश्वासघात है.
साथ ही,महिलाओं के खिलाफ हिंसा की बाढ़ सी आ गई है. नालंदा की घटना घोर अमानवीय है और बिहार को शर्मसार करने वाला है.
आज स्थिति यह है कि पहले से महंगाई,बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जूझ रही जनता पर यह अतिरिक्त बोझ असहनीय हो चुका है. सरकार की नीतियां आम लोगों को राहत देने के बजाय उन्हें और संकट में धकेल रही है.
ऐसी गंभीर परिस्थिति में हमारी पार्टी का स्पष्ट मानना है कि रसोई गैस,बिजली की लगातार बिगड़ती स्थिति और महिला हिंसा पर सरकार को तत्काल चेताया जाना चाहिए.
इसके लिए इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों को एकजुट होकर जिला/ प्रखंड मुख्यालयों पर व्यापक और प्रभावी प्रतिवाद कार्यक्रम आयोजित करने चाहिए.
हम गठबंधन के सभी साथियों से अपील करते हैं कि इन ज्वलंत मुद्दों पर बिना देर किए एक संयुक्त बैठक बुलाई जाए और चरणबद्ध,निर्णायक आंदोलन की रूपरेखा तय की जाए.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट-





