पंजाब विधानसभा चुनाव की हलचल : जनता दल यूनाइटेड ने शुरू की राजनीतिक तैयारी,पार्टी ने दिया बड़ा संकेत
पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी ने संकेत दिया है कि वह आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में 45 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है। यह जानकारी पंजाब जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष मालवेंद्र सिंह बेनीपाल ने पटना साहिब में मीडिया से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने कहा कि पार्टी पंजाब की राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी कर रही है।
पंजाब विधानसभा चुनाव मेंजेडीयू उतारेगी उम्मीदवार
मालवेंद्र सिंह बेनीपाल ने बताया कि पंजाब विधानसभा की कुल 117 सीटों में से 45 सीटों पर जेडीयू चुनाव लड़ने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव पार्टी अपने संगठनात्मक आधार और जनसमर्थन के बल पर लड़ेगी। बेनीपाल के अनुसार, पंजाब और बिहार के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संबंध रहे हैं, जिन्हें जेडीयू राजनीतिक रूप से भी मजबूत करना चाहती है।

गुरु गोविंद सिंह कापटना से रहा हैविशेष संबंध
उन्होंने कहा कि सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह का जन्म पटना साहिब में हुआ था और बिहार से उनका विशेष संबंध रहा है। पटना में आयोजित गुरु गोविंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व के सफल आयोजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे बिहार की सकारात्मक छवि पूरे देश और दुनिया में बनी। उनके अनुसार, इस आयोजन के बाद पंजाब के लोगों, विशेषकर सिख समुदाय में बिहार के प्रति दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव आया है।
पार्टी नीतीश कुमार के नेतृत्व में पंजाब में लड़ेगी चुनाव
बेनीपाल ने यह भी दावा किया कि पंजाब के सिख समुदाय में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय नेता नीतीश कुमार के प्रति सम्मान और विश्वास का भाव है। उन्होंने कहा कि पार्टी नीतीश कुमार के नेतृत्व में पंजाब में चुनावी मैदान में उतरेगी और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
पंजाब की राजनीति में जेडीयू का शुरू होगा नया अध्याय
जेडीयू के इस ऐलान को पंजाब की राजनीति में एक नई सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है। यदि पार्टी 45 सीटों पर चुनाव लड़ती है, तो इससे राज्य के चुनावी समीकरणों पर भी असर पड़ सकता है।





