रांची कांग्रेस ऑफिस में पीसी : यौन शोषण मामलों में आरोपियों को संरक्षण दे रही बीजेपी-रमा खलखो
रांची:प्रदेशकांग्रेस की महिला अध्यक्ष रमा खलखो ने प्रेस वार्ता किया. इस दौरान रमा खलखो ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के दिशा निर्देश पर आयोजित इस वार्ता में रमा खलखो ने कहा कि बीजेपी यौन शोषण और रेप जैसे जघन्य अपराधों में अपने नेताओं और रसूखदारों को बचाने का प्रयास करती रही है. उन्होंने दावा किया है कि वर्तमान में बीजेपी के 44 सांसदों और विधायकों पर यौन शोषण के मामले दर्ज हैं, लेकिन पार्टी उन पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है.
रमा खलखो ने उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी साक्ष्यों के साथ 'लीपा-पोती' कर दोषियों को बचाने की कोशिश की गई है. इसके अलावा उन्होंने गोवा में 30 नाबालिग बच्चियों के साथ हुए दुराचार और महाराष्ट्र में एक धर्मगुरु पर 18 यौन शोषण के मामले होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होना इसे बढ़ावा देना बताया है.
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि बेटियों की सुरक्षा के मुद्दे पर वे चुप नहीं बैठेंगे और बीजेपी के इस 'चाल-चरित्र' को पूरे देश में उजागर किया जाएगा.





