Hindi News / 21 जून 2026 को होगी रद्द की गई एग्जाम ,नहीं ली जाएगी अतिरिक्त...

नीट यूजी के छात्रों के लिए राहत : 21 जून 2026 को होगी रद्द की गई एग्जाम ,नहीं ली जाएगी अतिरिक्त परीक्षा शुल्क

Edited By:  |
neet ug k chatron k liye rahat neet ug k chatron k liye rahat

पटना: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने नीट यूजी 2026 को लेकर बड़ा ऐलान किया है. पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों के बाद रद्द की गई नीट परीक्षा अब 21 जून 2026 को दोबारा आयोजित की जाएगी. इस घोषणा के बाद देशभर के लाखों छात्रों और अभिभावकों को राहत मिली है, जो लंबे समय से नई परीक्षा तिथि का इंतजार कर रहे थे.

एनटीए के अनुसार री-एग्जाम रविवार, 21 जून को होगा. परीक्षा का संभावित समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रखा गया है. एजेंसी जल्द ही एडमिट कार्ड, एग्जाम सिटी स्लिप और परीक्षा से जुड़ी विस्तृत गाइडलाइन जारी करेगी. छात्रों को सलाह दी गई है कि वे एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर लगातार नजर बनाए रखें और किसी भी अफवाह से बचें.

री-एग्जाम को लेकर सबसे बड़ी राहत यह है कि 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा में शामिल हुए छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा. उनका पुराना आवेदन, परीक्षा केंद्र की प्राथमिकता और अन्य विवरण पहले की तरह मान्य रहेंगे. इसके अलावा छात्रों से कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा.

गौरतलब है कि नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले ने देशभर में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था. कई राज्यों में जांच एजेंसियों ने कार्रवाई की और परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठे. विपक्षी दलों और छात्रों ने परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने की मांग की थी. बढ़ते दबाव के बीच एनटीए और केंद्र सरकार ने री-एग्जाम कराने का फैसला लिया है.

एनटीए का कहना है कि इस बार परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे. बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, सीसीटीवी निगरानी और सख्त मॉनिटरिंग के जरिए निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है. लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों के भविष्य को देखते हुए यह परीक्षा बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है.