पुलिस का काम देखकर आप ही कह उठेंगे वाह वाह ! : बस स्टैंड में रंगदारी वसूलते 6 अरेस्ट, बेनकाब कर पूरे शहर में घुमाया


पलामू के बस स्टैंड और ऑटो स्टैंड से अवैध रूप से रंगदारी वसूलने वाले अपराधियों पर अब पलामू पुलिस ने नकेल कसा ही दिया है। पलामू पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा और सहायक पुलिस अधीक्षक के. विजय शंकर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में पुलिस टीम ने डालटनगंज बस स्टैंड से रंगदारी वसूलने के आरोप में 6 अपराधियों को मौके से ही गिरफ्तार किया है।
वहीँ दो अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। सभी अपराधियों को गिरफ्तार करने के बाद आम जनता के मन से इन अपराधियों का भय हटे, इसी उद्देश्य से पुलिस टीम ने सभी आरोपियों को बेनकाब करके शहर के चौक चौराहों पर घुमाया गया। इस दौरान पुलिस ने आम जनता को बताया कि यह सभी अपराधी हैं इनसे डरने की जरूरत नहीं है। जिस किसी ने भी रंगदारी लेनी चाही उसका भी यही हाल होगा और वो भी इसी तरह जेल जाएंगे।
इस मामले में पलामू पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि यह सभी अपराधी कुख्यात गैंगस्टर डब्लू सिंह के लिए काम करते हैं और वसूली हुई राशि उसके सहयोगी पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष प्रमेन्द्र सिंह उर्फ बाबू भाई और मंटू तिवारी को पहुंचाते हैं। सभी अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए जेल भेजा जा रहा है।
इस दौरान चंदन कुमार सिन्हा ने लोगों से आग्रह किया है कि लोग किसी भी आपराधिक संगठन या फिर अपराधी का साथ नहीं दे। किसी प्रकार की भय या फिर अन्य स्थिति होने पर पुलिस को सूचना जरूर दें। पुलिस उनके साथ 24 घंटे खड़ी है।