Hindi News / बिहार के युवाओं को विदेशों में रोजगार,प्रशिक्षण और सुरक्षित प्लेसमेंट का मिलेगा बड़ा...

पटना में खुलेगा स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर : बिहार के युवाओं को विदेशों में रोजगार,प्रशिक्षण और सुरक्षित प्लेसमेंट का मिलेगा बड़ा अवसर

Edited By:  |
patna mein khulega skill india international centre patna mein khulega skill india international centre

पटना: बिहार के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार का रास्ता आसान होने जा रहा है। पटना में जल्द ही भारत सरकार के सहयोग से स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर स्थापित किया जाएगा। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने इसके लिए सहमति दे दी है। इस सेंटर के जरिए विदेश में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को प्रशिक्षण से लेकर सुरक्षित और पारदर्शी प्लेसमेंट तक की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

सेंटर के माध्यम से बिहार के युवाओं के लिए वैश्विक मोबिलिटी पाथवे तैयार किया जाएगा। बिहार राज्य ओवरसीज प्लेसमेंट ब्यूरो के तहत विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी। खाड़ी सहयोग परिषद, यूरोप, पूर्वी एशिया और अन्य प्रमुख देशों में नैतिक एवं पारदर्शी प्लेसमेंट पर जोर रहेगा।

खास बात यह है कि विदेश जाने वाले युवाओं को अनधिकृत एजेंटों के चक्कर में नहीं पड़ना होगा। सेंटर के माध्यम से ब्लू कॉलर और व्हाइट कॉलर दोनों तरह की नौकरियों के लिए अवसर उपलब्ध होंगे। युवाओं को संबंधित देश के नियम-कानून, प्रवासी श्रमिकों के अधिकार और कार्यस्थल के आचार-व्यवहार की जानकारी दी जाएगी।

अंतरराष्ट्रीय मांग के अनुसार विदेशी भाषाओं और विशेष कौशल का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। विदेश जाने वाले श्रमिकों का डिजिटल डेटा तैयार होगा। मेडिकल अनुमोदन, बीमा और अन्य सुरक्षा उपायों की व्यवस्था भी सेंटर के माध्यम से की जाएगी।

इसके अलावा श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग पटना में आवासीय विद्यालय खोलने की भी योजना बना रहा है। प्रस्तावित स्कूल में बिहार कर्मकार कल्याण बोर्ड से जुड़े 45 लाख से अधिक पंजीकृत कामगारों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने की योजना है। एक जिले में कम से कम 500 बच्चों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।