पटना के मनेर में चेन स्नैचरों का आतंक : महिला से 1.50 लाख की चेन छीनी, सिर फटने से बेहोश
पटना : मनेर में बाइक सवार चेन स्नैचरों का आतंक थम नहीं रहा है. तीन दिन पहले पूर्व विधायक के ड्राइवर की पत्नी से लूट के बाद शुक्रवार को फिर दिनदहाड़े वारदात हुई. महिनावां विश्वकर्मा मंदिर के पास बदमाशों ने महिला से डेढ़ लाख की सोने की चेन छीन ली. विरोध करने पर महिला बाइक से गिरकर बेहोश हो गई. महिला का सिर भी फट गया.
जन्मदिन समारोह में जा रही थी पीड़िता
बताया जा रहा है कि काजी मोहल्ला निवासी नरेश पंडित अपनी पत्नी चिंता देवी के साथ बाइक से दानापुर में जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे. चिंता देवी पीछे बैठी थीं. मनेर-दानापुर मार्ग पर महिनावां विश्वकर्मा मंदिर के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीन ली और दानापुर की ओर भाग निकले.
हाथ पकड़ने पर घसीटकर गिराया
नरेश पंडित ने बताया कि चेन छीनते वक्त पत्नी ने बदमाश का हाथ पकड़ लिया और उसके हाथ में दांत भी काट ली. बदमाश जबरन हाथ छुड़ाकर भागा,जिससे चिंता देवी सड़क पर गिर गईं. सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गईं. नरेश पंडित ने बताया कि बदमाश मनेर पेट्रोल पंप से ही उनकी बाइक का पीछा कर रहे थे.
3 दिन में दूसरी वारदात
गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही पीर बाबा मजार के पास पूर्व विधायक प्रो. श्रीकांत निराला के ड्राइवर भोलू यादव की पुत्री से भी चेन और मंगलसूत्र की छिनतई हुई थी. लगातार हो रही वारदातों से इलाके की महिलाओं में दहशत है.
पीड़ित ने मनेर थाना में आवेदन दिया है. पुलिस आसपास केCCTVफुटेज खंगाल रही है.
संजय कुमार की रिपोर्ट--





