पलामू : पांडु प्रखंड में छात्रों की जागरूकता रैली,शिक्षा के महत्व की अलख जगा रहे बच्चे
पलामू:जिले के पांडु प्रखंड के स्कूलों में बच्चों की कम उपस्थिति को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. कुछ दिन पूर्व शिक्षकों ने बाजा बजाकर ग्रामीणों को जागरूक करने की पहल की थी. वहीं, अब इस अभियान की कमान खुद नन्हें बच्चों ने संभाल ली है. बुधवार को राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मुसीखाप के छात्रों ने शिक्षा जागरूकता रैली निकाली. हाथों में तख्तियां और होंठों पर “हर बच्चा स्कूल जाए” एवं “पढ़ी-लिखी नारी, देश की जिम्मेदारी” जैसे नारे लिए बच्चे गांव की गलियों से गुजरे.
बच्चे स्कूल से दूर हैं तोजिम्मेदार कौन
बच्चों का यह रैली केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रही,बल्कि जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों के सामने एक सीधा सवाल बनकर खड़ी हो गई. रैली में पूर्व मुखिया, पंचायत प्रतिनिधि और कई अभिभावक भी शामिल हुए. बच्चों के साथ चलते इन लोगों के सामने एक सच्चाई भी उजागर हुई की अगर आज भी बच्चे स्कूल से दूर हैं, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है?
बच्चों की आवाज ने आत्ममंथन के लिए किया मजबूर
शिक्षकों ने स्पष्ट कहा कि विद्यालय में पढ़ाई की पूरी व्यवस्था है, लेकिन बच्चों को स्कूल तक भेजने की जिम्मेदारी अभिभावकों की है. वहीं, सकारात्मक शैक्षणिक माहौल तैयार करना जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य है. वहीं, कई अभिभावकों ने भी स्वीकार किया कि बच्चों की पढ़ाई में लापरवाही की शुरुआत घर से ही होती है. रैली के दौरान बच्चों की आवाज ने सभी को आत्ममंथन के लिए मजबूर कर दिया. महत्वपूर्ण बात ये है कि बच्चे खुद शिक्षा के लिए जागरूक हो रहे हैं, तो सवाल ये उठता है कि आखिर बड़े अपनी जिम्मेदारी कब निभाएंगे?





