पटना। नीतीश कुमार एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री बन गए हैं। मंगलवार को उन्होंने बतौर एनडीए के मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दिया और बुधवार को महागठबंधन के मुख्यमंत्री के रुप में फिर से शपथ ली। 3 मार्च 2000 से लेकर अब तक यानि 22 वर्षों में नीतीश कुमार 8 वीं बार मुख्यमंत्री बने है।
- - पहली बार नीतीश कुमार 03 मार्च 2000 को मुख्यमंत्री बने थे। उस समय जब उन्होंने सीएम पद की शपथ ली थी तो उनके पास बहुमत का आंकडा नहीं था। जिस कारण महज 7 दिन तक ही उनकी सरकार चली और गिर गयी।
- - नीतीश कुमार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने 2005 में। उन्होंने 24 नवंबर 2005 को दोबार शपथ ली। इस बार उन्होंने कार्यकाल के पांच साल पूरे किये। इस पहले पूर्ण कार्यकाल में नीतीश कुमार बेहद सफल मुख्यमंत्री साबित हुए।
- -तीसरी बार नीतीश कुमार ने चुनाव जीतकर 26 नवंबर 2010 को शपथ ली। सरकार चार साल तक तो बेहतर चली लेकिन 2014 के चुनाव में जेडीयू को लोकसभा के चुनाव में हार का सामना करना पडा और उन्होंने इस्तीफा देकर अपने सहयोगी मंत्री जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री बनाया।
- - लेकिन बतौर मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी के लिये रहे फैसलों ने पार्टी के भीतर एक असंतोष पैदा कर दिया था। जिसके बाद मांझी ने इस्तीफा दिया और नीतीश कुमार फिर मुख्यमंत्री बने। 22 फरवरी 2015 को नीतीश कुमार ने चौथी बार सीएम पद की शपथ ली थी।
- - पांचवी बार नीतीश कुमार 20 नवंबर 2015 को मुख्यमंत्री बने। लेकिन इस बार बिहार का राजनीतिक समीकरण बदला हुआ था। इस बार उन्होंने बीजेपी को साथ बल्कि आरजेडी, कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनायी थी। इसका कारण यह था कि नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने अपने पुराने सहयोगी लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी के साथ मिलकर चुनाव लडा था और शानदार जीत दर्ज कर सरकार बनायी थी।
- - लेकिन बिहार की राजनीति फिर बदली। नीतीश कुमार ने लगभग डेढ़ साल बाद ही तेजस्वी यादव पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर आरजेडी के साथ गठंबधन तोड़ दिया। उन्होंने तत्काल बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बना ली। 27 जुलाई 2017 को नीतीश कुमार छठी बार बिहार के मुख्यमंत्री बने।
- - नीतीश कुमार ने सातवीं बार 16 नवंबर 2020 को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। 2020 का चुनाव उन्होंने भाजपा के साथ लड़ा था। हालांकि इस चुनाव में जेडीयू का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। बीजेपी ने जहां आशातीत सफलता पायी तो जेडीयू 50 सीटों का आंकडा भी नहीं छू पायी। लेकिन बीजेपी ने गठबंधन धर्म का पालन करते हुए कम सीट होने के बाद भी नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया।
- - अब 8 वीं बार नीतीश कुमार ने आरजेडी, कांग्रेस, हम और वाम दलों के साथ मिलकर 10 अगस्त 2022 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। बीजेपी ने कुछ मुद्दों से नाराज होकर जेडीयू ने 9 अगस्त को बीजेपी के साथ गठबंधन तोड दिया था और राजभवन जाकर सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। उसी दिन नीतीश कुमार ने आरजेडी और सहयोगी दलों के साथ मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया और सरकार बनायी।
