Hindi News / मूसलाधार बारिश में फिर बहा झिलिया पुल का डायवर्सन,मैथन-कुमारधुबी-चिरकुंदा का टूटा संपर्क

निरसा : मूसलाधार बारिश में फिर बहा झिलिया पुल का डायवर्सन,मैथन-कुमारधुबी-चिरकुंदा का टूटा संपर्क

Edited By:  |
nirsa nirsa

निरसा: लगातार बारिश के कारण झिलिया पुल का डायवर्सन एक बार फिर पानी में बह गया. इससे मैथन, कुमारधुबी और चिरकुंडा क्षेत्र का आपसी संपर्क टूट गया है. साथ ही क्षतिग्रस्त जलापूर्ति पाइपलाइन की मरम्मत पर भी संकट खड़ा हो गया है.

जानकारी के अनुसार सोमवार से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण डायवर्सन का बड़ा हिस्सा तेज बहाव में बह गया. पुल निर्माण के दौरान बनाया गया यह अस्थायी रास्ता अब आवागमन के लिए बंद है. इससे स्कूली बच्चों और मजदूरों को अब 5 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी.

करीब 3 दिन पहले पुल निर्माण के दौरान जलापूर्ति की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी. सोमवार को एजेंसी के कर्मी मरम्मत के लिए पहुंचे ही थे कि बारिश ने काम रोक दिया. तेज बहाव में पाइपलाइन भी प्रभावित हो गई. अब डायवर्सन दुरुस्त होने के बाद ही पाइपलाइन की मरम्मत संभव है.

गौरतलब है कि 7 अगस्त को भी भारी बारिश में डायवर्सन बह गया था और पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई थी. तब अस्थायी मरम्मत कर आवागमन शुरू किया गया था,लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने से समस्या फिर खड़ी हो गई.

डायवर्सन बहने से आवागमन बाधित है और पाइपलाइन नहीं बनने से हजारों लोग पानी के लिए परेशान हैं. स्थानीय लोगों ने विभाग और निर्माण एजेंसी से मांग की है कि डायवर्सन को मजबूत बनाकर जल्द तैयार किया जाए और उसके बाद पाइपलाइन की मरम्मत कर पानी की आपूर्ति बहाल की जाए.

फिलहाल संवेदक कर्मियों ने छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ता बनाने का काम शुरू किया है। पानी घटते ही डायवर्सन और पाइपलाइन का काम शुरू होने की उम्मीद है।