Hindi News / भोटे कोशी नदी की बाढ़ से 384 पर्यटक संपर्क से बाहर,105 भारतीयों के...

नेपाल में तबाही : भोटे कोशी नदी की बाढ़ से 384 पर्यटक संपर्क से बाहर,105 भारतीयों के शामिल होने से बढ़ी चिंता

Edited By:  |
nepal mein tabahi nepal mein tabahi

नेपाल के रासुवा जिले में भोटे कोशी नदी में बुधवार सुबह अचानक आई बाढ़ ने चिंता बढ़ा दी है। नेपाल पर्यटन बोर्ड की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार बाढ़ के बाद कुल 384 पर्यटकों और यात्रियों के संपर्क में नहीं होने की जानकारी सामने आई है। इनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं। विदेशी नागरिकों में 105 भारतीय पर्यटकों के भी संपर्क से बाहर होने की जानकारी है।

बताया गया है कि बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे भोटे कोशी नदी के इलाके में अचानक बाढ़ की स्थिति बनी। इसके बाद आसपास के क्षेत्रों में अफरातफरी मच गई। बाढ़ प्रभावित इलाकों में सड़क और संचार व्यवस्था पर भी असर पड़ने की बात सामने आई है।

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह आंकड़ा प्रारंभिक है और लापता या संपर्क से बाहर लोगों की सूची का सत्यापन किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और फोन सेवाएं बाधित होने के कारण भी कई पर्यटक अपने परिजनों और प्रशासन के संपर्क में नहीं आ पा रहे हैं। ऐसे में सभी लोगों के वास्तविक रूप से लापता होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना के बाद नेपाल में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। टूरिस्ट पुलिस, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मिलकर प्रभावित क्षेत्रों में पर्यटकों की तलाश कर रही हैं। साथ ही ट्रैवल एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर पर्यटकों की स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है।

105 भारतीय पर्यटकों के संपर्क से बाहर होने की सूचना के बाद भारत में भी चिंता बढ़ गई है। हालांकि, नेपाली अधिकारियों ने लोगों से आधिकारिक जानकारी आने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट