JHARKHAND NEWS : मध्याहन भोजन बनाते समय गर्म दाल से झुलसी रसोइया, इलाज के लिए विभाग से लगाई मदद की गुहार
चैनपुर प्रखंड स्थित बालिका मध्य विद्यालय में मध्याह्न भोजन बनाने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। गर्म दाल गिरने से स्कूल की रसोइया प्रबिला खेस बुरी तरह झुलस गई हैं।
यह दुर्घटना 12 अगस्त 2026 की है। हादसे के तुरंत बाद विद्यालय की शिक्षिकाओं और स्थानीय लोगों ने उनकी मदद की, लेकिन प्रबिला के अधिक झुलस जाने के कारण उनके इलाज में भारी खर्च आ रहा है।
सबसे बड़ी पीड़ा यह है कि प्रबिला के पति का पहले ही निधन हो चुका है और उन पर अपनी तीन छोटी बेटियों की जिम्मेदारी है। इस अचानक आए हादसे और इलाज के भारी खर्च ने इस गरीब परिवार के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है।
विद्यालय रसोइया-संयोजिका अध्यक्ष संघ ने सरकार और शिक्षा विभाग से प्रबिला खेस के इलाज के लिए तुरंत आर्थिक सहायता देने की पुरजोर मांग की है।
संघ की प्रखंड अध्यक्ष बासमती देवी और जिलाध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष देवकी देवी ने व्यक्तिगत रूप से भी आर्थिक सहयोग किया है।
जिलाध्यक्ष देवकी देवी ने बताया कि इस पूरी घटना की तस्वीरें और वीडियो उपायुक्त (डीसी) को भेज दिए गए हैं। विभाग द्वारा मांगे जाने पर लिखित आवेदन भी तुरंत सौंपा जाएगा।
संगठन का कहना है कि रसोइया रोजाना आग और गैस के बीच अपनी जान जोखिम में डालकर काम करती हैं, जिससे ऐसे हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है।
स्कूल परिवार की ओर से भी शुरुआती मदद पहुंचाई गई है, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण बेहतर इलाज के लिए और बड़ी राशि की आवश्यकता है। संघ ने सरकार से मांग की है कि प्रबिला खेस के इलाज का पूरा खर्च सरकार वहन करे, ताकि पैसों की कमी की वजह से किसी माँ की जान पर या उनके बच्चों के भविष्य पर आंच न आए।





