नगर निकाय चुनाव : जेएमएम और बीजेपी उम्मीदवार के बीच कांटे की टक्कर, नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए दिलचस्प हुआ मुकाबला
चाईबासा: नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया तीसरे दिन भी जारी है. नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्थित उम्मीदवार नितिन प्रकाश, बीजेपी समर्थित उम्मीदवार रमेश खिरवाल और सुनील प्रसाद साव ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया. नितिन प्रकाश अपने हजारों समर्थकों के साथ गोकुलधाम से जुलूस निकालकर नामांकन करने अनुमंडल कार्यालय पहुंचे और नामांकन पर्चा दाखिल किया.
बीजेपी समर्थित प्रत्याशी रमेश अग्रवाल उर्फ लड्डू खिरवाल धर्मशाला से अपने हजारों समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे. ढोल बाजे के साथ उन्होंने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया. उनके साथ बीजेपी जिला अध्यक्ष गीता बालमूचू ,पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व मुख्यमंत्री मधुकोड़ा, पूर्व मंत्री बडकुवार गगराई मौजूद रहे. इसी तरह सुनील प्रसाद साव ने भी बिहारी क्लब से अपने समर्थको के साथ जुलूस निकालकर अनुमंडल सदर चाईबासा पहुंचे और अपना नामांकन पत्र दाखिल किया.
पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर से जुड़े सुनील प्रसाद साव नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं. सुनील प्रसाद साव चुनाव को त्रिकोणीय बनाने में लगे हैं. तीनों प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ जुलूस निकाला और नामांकन किया.





