BIHAR NEWS : सकरी और रैयाम चीनी मिल कैसे होंगी फिर से चालू! 2401 गांवों के साथ बना मास्टर प्लान
पटना :मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर वर्षों से बंद पड़ी सकरी और रैयाम चीनी मिलों को पुनः चालू कराने को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है. इन दोनों चीनी मिलों को गन्ना की आपूर्ति करने के लिए गन्ना उद्योग विभाग ने शुक्रवार को दरभंगा और मधुबनी जिले के करीब2401गांवों को आरक्षित कर दिया. ताकि दोनों चीनी मिलें संबंधित गांवों के किसानों से गन्ना की खरीद कर सकें.
विदित हो कि राज्य सरकार ने सात निश्चय-3के तहत समृद्ध उद्योग- सशक्त बिहार की घोषणा की है. ताकि इसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके. इसी के तहत राज्य सरकार बिहार में बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनः खोलने और नई चीनी मिलों की स्थापना करने की तैयारी में जुटी है. इसके लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है.
बताया जाता है कि मधुबनी जिले के सकरी और दरभंगा जिले के रैयाम चीनी मिल का संचालन सहकारिता विभाग के माध्यम से किया जाएगा. इसको देखते हुए गन्ना उद्योग विभाग ने इन दोनों चीनी मिलों को पर्याप्त मात्रा में गन्ना की आपूर्ति करने के लिए गन्ना उद्योग विभाग ने दरभंगा और मधुबनी जिले के कुल2401गांवों को आरक्षित कर दिया है,जिसमें सकरी चीनी मिल को मधुबनी जिले के686गांव और दरभंगा जिले के697गांवों के किसान अपनी गन्ना की आपूर्ति करेंगे. इसी प्रकार रैयाम चीनी मिल को मधुबनी जिले के438गांव और दरभंगा जिले के580गांवों के किसान गन्ना बेचेंगे.
दोनों चीनी मिलों के लिए प्रखंडवार गांवों को किया गया आरक्षित
गन्ना उद्योग विभाग से जारी पत्र के अनुसार सकरी मिल के लिए मधुबनी जिले के अंध्राथाढ़ी,बबुरही,घोघाडीहा,झंझारपुर,लडनिया,लखनउर,लौकहां,लौकही,माधेपुर,पंडौर,फुलपरास और राजनगर प्रखंड के कुल686गांवों को शामिल किया गया है. वहीं दरभंगा जिले के बरही,मनिगांछी,टारडीह,अलिनगर,बेनीपुर,बिरौल,धनश्यामपुर,गौरा बउराम,किरातपुर,कुशेश्वर स्थान,कुशेश्वर स्थान पूर्वी तथा दरभंगा प्रखंड के कुल580गांवों को शामिल किया गया है. इसी प्रकार रैयाम चीनी मिल में दरभंगा जिले के बहादुरपुर,हायाघाट,हनुमाननगर,जाले,सिंघवारा और कोइरी प्रखंड के580गांवों को शामिल किया गया है. वहीं मधुबनी जिले के बासोपट्टी,बेनीपट्टी,बिस्फी,हरलाखी,जयनगर,कलुहीं,खजौली,रहिका और माधवापुर प्रखंड के कुल438गांवों को शामिल किया गया है.





