खुशी का पल गम में बदला : शादी समारोह से पहले गंगा नदी में 4 बच्चियां डूबी, 2 को लोगों ने बचाया, 2 लापता
बाढ़ : बड़ी खबर बिहार के बाढ़ अनुमंडल से है जहां बख्तियारपुर के चिरैया गांव में शादी समारोह को लेकर गंगा नदी में नहाने के दौरान 4 लड़कियां डूब गई. इनमें से दो को किसी तरह बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो की तलाश जारी है.
बताया जा रहा है कि चिरैया गांव में हरदेव राय के बेटे संजन कुमार की 28 अप्रैल को शादी होनी है. शादी समारोह में घर पहुंचे सगे-संबंधी शादी की रस्म अदायगी को लेकर गंगा स्नान करने गए थे. तभी चार लड़कियां अचानक गंगा की तेज धारा में बहने लगी. स्थानीय लोगों ने बचाने के लिए तेज धारा में छलांग लगा दी. किसी तरह दो लड़कियों को नदी से बाहर निकाल लिया गया,जबकि वैशाली जिले के राघोपुर की अमृता कुमारी और माधुरी कुमारी की तलाश अभी जारी है. घटना के बाद से पूरे गांव में चीख-पुकार मची है. घर में भी सभी नाते रिश्तेदार मातम में डूबे हैं.
ग्रामीणों ने बताया कि हरदेव राय के गोतिया रविन्द्र राय के घर से भी आज बारात जानी थी, सभी जाने की तैयारी में जुटे थे, लेकिन इस दुखद घटना ने सारी खुशियों पर ग्रहण लगा दिया. अमृता शादी में शामिल होने के लिए अपने ननिहाल हरदेव राय के यहां आई थी, वहीं माधुरी कुमारी हरदेव राय की भतीजी थी.
बाढ से अजय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट





