JMM ने मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया : सरकार की नीतियों के कारण अर्थव्यवस्था पर बढ़ा दबाव-सुप्रियो भट्टाचार्य
रांची:हरमू स्थित JMM पार्टी कार्यालय में केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रेस वार्ता कर मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों के दावों की सच्चाई अब सामने आ रही है. देश की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है. सरकार की नीतियों के कारण अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है. पैसों की कीमत गिर गई है और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को कमजोर किया जा रहा है. सुप्रियो भट्टाचार्यने केंद्र पर आरोप लगाया कि सरकार बड़े कॉर्पोरेट समूहों का कर्ज माफ करने में लगी है.
सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रधानमंत्री के एक बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी लोगों से सोना नहीं खरीदने को मना कर रहे हैं. पेट्रोल डीजल खाद्य तेल की खपत कम करने की सलाह पर सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री के सामने 9 सुझाव रखीं. इनमें प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं पर एक वर्ष की रोक, बीजेपी के रैलियों और रोड शो पर प्रतिबंध, कॉर्पोरेट कर्ज माफी रोकने, मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों के काफिले सीमित करने और उन्हें वर्क फ्रॉम होम मॉडल अपनाने जैसी बातें शामिल हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का निजी कंपनियों को आवंटन रोका जाए, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा मिले और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी जाए. इसके अलावा कृषि उत्पादों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू करने और महिलाओं के सोने को लेकर नीतियों में बदलाव रोकने की मांग भी रखी. सुप्रियो ने आशंका जताते हुए कहा कि देश की आर्थिक स्थिति और खराब हो सकती है और सरकार भविष्य में आपातकाल जैसी स्थिति या लॉकडाउन जैसे कदम उठा सकती है. जनता को फिर से परेशानियों का सामना करना पड़ सकता हैं.





