JHARKHAND NEWS : वन विभाग और ग्रामीण ने पेड़ो में बांधा राखी.
जमशेदपुर...रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पोटका के बाहरदाढ़ी गांव में एक अनूठा और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। जहाँ गांव के ग्रामीणों ने साल के पेड़ों में राखी और पवित्र रक्षासूत्र बांधकर पेड़ों को बचाने का संकल्प लिया। स्थानीय आदिवासी महिलाएं- पुरुष जंगल पहुंचे। उन्होंने साल के विशाल पेड़ों पर टीका लगाया, आरती उतारी और राखी बांधी। ग्रामीणों का मानना है कि पेड़ भी उनके परिवार के सदस्य और भाई के समान हैं। जिस तरह भाई बहन की रक्षा करता है, उसी तरह ये पेड़ भी आंधी-तूफान, गर्मी और बरसात में इंसानों की सुरक्षा करते हैं, शुद्ध हवा देते हैं और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखते हैं।
इस मौके पर ग्रामीणों ने स्पष्ट संकल्प लिया कि वे पेड़ों को कटने नहीं देंगे और जंगल की रक्षा अपनी जिम्मेदारी समझेंगे। पेड़ कटने से न सिर्फ पर्यावरण प्रभावित होता है, बल्कि वन्यजीवों का आवास भी छिन जाता है।कार्यक्रम में वन विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों के इस प्रयास की सराहना की और वन संरक्षण में सहयोग का आश्वासन दिया।
बाहरदाढ़ी के लोगों का यह संदेश साफ है — जंगल बचेंगे तो हम बचेंगे।.... स्थानीय भाजपा नेता उपेंद्र सरदार ने कहा की हर साल की भांति इस साल भी ग्रामीणों ने रक्षाबंधन के मौके पर पेड़ों पर रक्षा सूत्र बांधकर पेड़ों को बचाने का संकल्प लिया गया।





