JHARKHAND NEWS : मुख्यमंत्री ने 7 वर्षीय बाल तैराक इशांक सिंह को किया सम्मानित, 5 लाख रुपये का सौंपा चेक
रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से गुरुवार को कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची के सात वर्षीय बाल तैराक इशांक सिंह ने मुलाकात की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तैराक इशांक सिंह को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उन्हें अपनी ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सात वर्षीय बाल तैराक इशांक सिंह को उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए उन्हें 5 लाख रुपए का चेक,स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया. उल्लेखनीय है कि रांची के इशांक सिंह ने विगत 30 अप्रैल 2026 के दिन लगातार 9 घंटे 50 मिनट तैरकर भारत और श्रीलंका के बीच स्थित चुनौतीपूर्ण पाल्क स्ट्रेट (palk Strait,29 किलोमीटर) को पार करते हुए अपने नाम विश्व रिकॉर्ड दर्ज किया है. इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए इशांक सिंह को कई विभिन्न खिताबों से सम्मानित किया गया है.
इशांक सिंह ने अपने प्रदर्शन से राज्य का नाम रोशन किया
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि बाल तैराक ईशान सिंह ने पाक स्ट्रेट पार कर देश और दुनिया में झारखंड प्रदेश का नाम रोशन कर दिखाया है. मुख्यमंत्री ने इशांक सिंह के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि तैराकी के क्षेत्र में इनकी सफलता पूरे राज्य के लिए गौरव का क्षण रहा. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है. झारखंड में हमारी सरकार ने एक बेहतर खेल नीति बनाई है,जिसका लाभ यहां के खिलाड़ियों को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा झारखंड के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण,आधुनिक सुविधाएं एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विश्वास व्यक्त किया कि बाल तैराक इशांक सिंह भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का मान बढ़ाएंगे.
प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर प्लेटफॉर्म मिले इस निमित्त राज्य सरकार उन्हें हर संभव मदद करेगी
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि बाल तैराक इशांक सिंह कठिन परिश्रम,अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया है. इनकी सफलता राज्य के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के भीतर इशांक सिंह जैसे प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर प्लेटफॉर्म मिले इस निमित्त राज्य सरकार उन्हें हर संभव मदद करेगी. मुख्यमंत्री ने कहा खेल के क्षेत्र में झारखंड प्रदेश निरंतर विकास कर रहा है. यहां के खेल प्रतिभाओं ने कई मौकों पर पूरे विश्व में अपना लोहा मनवाया है. झारखंड के खिलाड़ी अपने कठिन परिश्रम,अनुशासन और लगन के बल पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहे हैं. राज्य के युवा खिलाड़ियों की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ी को और ऊर्जावान बनाएगी.
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उपस्थित पदाधिकारियों से कहा कि आने वाले दिनों में तैराकी प्रशिक्षण सहित सभी सुविधाओं के विस्तार हेतु कार्य योजना बनाते हुए राज्य सरकार आगे बढ़ेगी तथा राज्य में तैराकी प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधा प्रदान करेगी. मुख्यमंत्री ने वर्तमान समय में तैराकी से संबंधित सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी उपस्थित खेल विभाग के अधिकारियों से ली. मुख्यमंत्री ने इशांक सिंह की माता,पिता तथा कोच को भी सम्मानित किया.
इस अवसर पर राज्य के पर्यटन,कला-संस्कृति,खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार,मुख्य सचिव अविनाश कुमार,खेल विभाग के सचिव मुकेश कुमार,निदेशक खेल आसिफ इकराम,उप निदेशक राजेश कुमार,तैराकी संघ से शैलेंद्र तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.





