कोडरमा : बरकट्ठा विधायक अमित यादव ने कोडरमा के घंघरी छठ घाट पर सात दिवसीय छठ मेले के पूजा पंडाल का उद्घाटन किया. मेला उद्घाटन से पहले छठ घाट पर विधिवत पूजा अर्चना भी की गई. इसके बाद बरकट्ठा विधायक अमित यादव ने छठ घाट पर स्थापित भगवान सूर्य की प्रतिमा का अनावरण किया. वहीं इसके पश्चात पूर्व विधायक जानकी प्रसाद यादव ने फीता काटकर घाट पर लगने वाले मेले का उद्घाटन किया. विधायक अमित यादव ने कोडरमा के घंघरी छठ घाट पर छठ मेले के पूजा पंडाल का किया उद्घाटनबता दें कि छठ पर्व के अवसर पर कोडरमा के घंघरी में 7 दिवसीय छठ मेले का आयोजन किया जाता है. इसमें आस-पास के इलाके के अलावे बरकट्ठा, चौपारण और गिरिडीह के इलाके के लोग पहुँचते हैं. सात दिनों तक चलने वाले इस छठ मेले में हर दिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे और मेले के अंतिम दिन गंगा आरती के बाद मेले का समापन होगा. घंघरी में लगे इस छठ मेले में मौत का कुआं चांदतारा, ब्रेक डांस आकर्षण का केंद्र है. इसके साथ ही मेले में लजीज व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए हैं, जहाँ लोग बड़ी संख्या में पहुँच रहे हैं और सूर्य भगवान की आराधना के साथ मनोरंजन और लजीज व्यंजनों का जमकर लुफ्त उठा रहे हैं.