JHARKHAND NEWS : झारखंड में बोर्ड-निगम की नियुक्तियों की कवायद तेज, कांग्रेस ने बनाई चयन समिति; केशव महतो को कमान
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी यानी AICC के झारखंड प्रभारी के. राजू ने कांग्रेस कोटे के तहत राज्य के विभिन्न बोर्डों, निगमों और बीस सूत्री कार्यक्रम समितियों में खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी है।प्रभारी के. राजू ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश को एक पत्र जारी किया है। इस पत्र में निर्देश दिया गया है कि बोर्डों और बीस सूत्री समितियों में योग्य कार्यकर्ताओं के चयन के लिए एक समर्पित 'चयन समिति' (Selection Committee) का तत्काल गठन किया जाए।के. राजू द्वारा घोषित यह समिति विभिन्न स्तरों पर मंथन करेगी और योग्य व समर्पित नेताओं के नामों पर अंतिम फैसला लेगी।
लंबे समय से इन पदों के भरने का इंतजार कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए यह एक बड़ी राहत की खबर है। इस कदम से संगठन स्तर पर कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।सूत्रों के अनुसार, इस चयन समिति का मुख्य उद्देश्य निष्पक्षता और समर्पण के आधार पर पदों का आवंटन करना है, ताकि राज्य स्तर से लेकर जिला और प्रखंड स्तर तक बीस सूत्री कार्यक्रम समितियों का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके.





