JHARKHAND NEWS : LPG सिलेंडर की किल्लत को लेकर मंत्री इरफान अंसारी रांची में 9 अप्रैल को करेंगे आपात बैठक
रांची : गैस की किल्लत को लेकर हालात गंभीर होते जा रहे हैं. इसको लेकर झारखंड के खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी ने गुरुवार को आपात बैठक बुलाई है.
बैठक में गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों और जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को बुलाया गया है. बैठक में गैस की उपलब्धता,बढ़ती मांग और लंबित डिलिवरी की समीक्षा की जाएगी. सरकार का उद्देश्य है कि इस संकट के दौरान कालाबाजारी पर रोक लगे और आमलोगों को समय पर गैस सिलेंडर मिल सके.
कशिश न्यूज़ से खास बातचीत करते हुए मंत्री इरफान अंसारी ने कहा है कि तमाम परिस्थितियों को देखते हुए इस बैठक में तेल कंपनियों के सभी प्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया गया है. वहीं इस अवसर पर उन्होंने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलहाल बातों को दबा रहे हैं. लेकिन आने वाले समय में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की दाम बढ़ जाएंगे.
हालांकि उन्होंने कहा है कि विभागीय मंत्री के तौर पर वह इस पर नियंत्रण रखने के लिए तमाम एहतियात बरत रहे हैं. उन्होंने अपना नाम लेते हुए कहा कि जब तक मंत्री इरफान अंसारी रहेगा तब तक लोगों को कोई दिक्कत नहीं होगी, इस बात की गारंटी है.
रांची से राजीव मोहन श्रीवास्तव की रिपोर्ट---





