JHARKHAND NEWS : प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर बीजेपी ने एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने का किया ऐलान
रांची:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर झारखंड बीजेपी ने एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने का ऐलान किया है. प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी केा जन्मदिन उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है.
इसके तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे झारखंड में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य की कामना को लेकर राज्य के हर घर के दरवाजे और मंदिरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा.
उन्होंने बताया कि प्रत्येक सांगठनिक मंडल के एक गांव को विशेष रूप से सजाया जाएगा और गांव के हर घर में दीप जलाए जाएंगे. वहीं, प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा.
आदित्य साहू ने कहा कि ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों पर रंगोली बनाई जाएगी। वहीं ‘25 साल 25 कहानियां’ के माध्यम से कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों से जुड़ी सेवा और जनकल्याण की कहानियां साझा करेंगे.
झारखंड बीजेपी की ओर से इस अभियान के तहत चित्र सेवा, सेवा स्मरण, आंगन मिलन सेवा, कहानी बदलाव की, सेवा ज्योति यात्रा, बड़नगर से वाराणसी सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, हैकाथन एवं इनोवेशन चैलेंज और 25 साल 25 कहानियां जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.





