दुमका में कांग्रेस का धरना : खनिज संशोधन विधेयक पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने केंद्र सरकार को घेरा
दुमका:झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर गुरुवार को दुमका जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से चंदा चोरी के आरोपों एवं खान एवं खनिज संशोधन विधेयक-2026 के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया.कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्टीफन मरांडी ने किया.धरना-प्रदर्शन में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह, गोड्डा लोकसभा के पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं दुमका जिला प्रभारी अशोक वर्मा और प्रदेश कांग्रेस महासचिव श्यामल किशोर सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने केंद्र सरकार की खनिज नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों पर राज्य एवं स्थानीय समुदायों के अधिकारों की रक्षा कांग्रेस की प्राथमिक प्रतिबद्धता है. उन्होंने कहा कि कोयला, लौह अयस्क और बॉक्साइट जैसे खनिज संसाधनों के माध्यम से झारखंड देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देता है. उन्होंने श्रीराम मंदिर के नाम पर प्राप्त चंदे से जुड़े आरोपों का भी मुद्दा उठाते हुए चंदे के उपयोग में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्ष जांच की मांग की.
पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने भी केंद्र सरकार की खनिज नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड की खनिज संपदा में राज्य और स्थानीय आदिवासी-मूलवासी समुदायों की उचित भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए.
प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं दुमका जिला प्रभारी अशोक वर्मा ने कहा कि खान एवं खनिज संशोधन विधेयक 2026 से राज्यों के अधिकार, राजस्व हिस्सेदारी और सहकारी संघवाद प्रभावित होने की आशंका गंभीर विषय है. उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से होने वाले आर्थिक लाभ में झारखंड और स्थानीय समुदायों की उचित भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए.
प्रदेश कांग्रेस महासचिव श्यामल किशोर सिंह ने कहा कि खनिजों से प्राप्त राजस्व का उपयोग रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने में होना चाहिए. उन्होंने केंद्र सरकार से विधेयक के प्रभावों पर स्पष्टता देने और राज्यों के संवैधानिक एवं वित्तीय अधिकारों की रक्षा करने की मांग की.
कार्यक्रम के दौरान रानेश्वर प्रखंड के मनोज हेम्ब्रम ने कांग्रेस पार्टी की नीतियों में आस्था जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने माला पहनाकर उनका कांग्रेस पार्टी में स्वागत किया.धरना-प्रदर्शन के अंत में जिला अध्यक्ष स्टीफन मरांडी के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम ज्ञापन दुमका उपायुक्त को सौंपा.





