JHARKHAND NEWS : झारखंड-ओडिशा सीमा पर नक्सलियों का कहर, ड्यूटी कर रहे रेलकर्मी लैंडमाइन विस्फोट की चपेट में आए


CHAIBASA : चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत बिमलगढ़ रेलखंड में रविवार सुबह नक्सलियों द्वारा किए गए विस्फोट में एक रेलकर्मी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना झारखंड-ओडिशा सीमावर्ती क्षेत्र की है, जहां नक्सलियों ने पहले से ही लाल बैनर लगाकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी। इसके बावजूद, रेलकर्मियों को बिना समुचित सुरक्षा जांच के ट्रैक पेट्रोलिंग पर भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह एतवा ओराम (58) और बुधराम मुंडा नामक दो रेलकर्मी पटरी की पेट्रोलिंग कर रहे थे, तभी नक्सलियों द्वारा बिछाए गए लैंडमाइन में जोरदार धमाका हुआ। दोनों रेलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, आनन-फानन में उन्हें बंडामुंडा रेलवे अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने एतवा ओराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल बुधराम मुंडा की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर किया गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार नक्सली पहले ही क्षेत्र में पोस्टर और लाल बैनर लगाकर अपनी गतिविधियों का संकेत दे चुके थे। बावजूद इसके ट्रैक की समुचित जांच किए बिना रेलकर्मियों को पेट्रोलिंग पर भेजा गया, जिसे लेकर रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस कांग्रेस के मंडल संयोजक शशि मिश्रा ने इसे सुरक्षा में गंभीर चूक करार देते हुए दोषियों पर कार्रवाई और रेलकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
सूत्रों के मुताबिक सुबह के समय नक्सलियों ने एक और धमाका कर रेल पटरी को भी उड़ा दिया था। इस घटना के बाद रेल संचालन प्रभावित हुआ है और सुरक्षा कारणों से रेल सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं। घटनास्थल पर आरपीएफ और स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ा दी गई है, तथा मामले की जांच जारी है।