फर्जी अफसर : रोहतास में फर्जी पुलिस गिरोह का भंडाफोड़, वर्दी पहनकर चेकिंग करते चार युवक धराया
रोहतास:जिला पुलिस ने फर्जी पुलिसकर्मियों के एक गिरोह का पर्दाफाश किया है. शहर में पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को रोक-टोक कर रहे चार संदिग्ध युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.डिहरी एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि मामला डिहरी मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पहलेजा पावरग्रिड के पास का है. जहां पुलिस की वर्दी में चार युवक राहगीरों से रोक-टोक करते पकड़े गए.
युवक के कंधे पर फर्जी डबल स्टार
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो देखा कि दो युवक पुलिस की वर्दी में और दो सादे कपड़ों में बिना नंबर प्लेट की गाड़ी के पास घूम रहे थे. वर्दी पहने एक युवक के कंधे पर डबल स्टार भी लगा हुआ था. जो कि खुद को अफसर जैसा दिखाने की कोशिश कर रहा था.जब पुलिस ने सभी से पूछताछ की तो वे वर्दी पहनने का कोई वैध कारण और पहचान पत्र नहीं दिखा सके. तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से दो रायफल जैसे दिखने वाले हथियार, प्लास्टिक और फाइबर के पिस्टल, कॉम्बेट ड्रेस, कैप,बैटन, होल्स्टर और अन्य पुलिस उपयोग के सामान बरामद किए गए.
बिहार पुलिस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज
जांच पड़ताल में खुलासा हुआ कि ये सभी युवक असली पुलिस वर्दी और बिहार पुलिस का लोगो(LOGO) लगाकर स्वांग रच रहे थे. पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ डिहरी मुफ्फसिल थाना कांड संख्या- 21/26 के तहत BNS और बिहार पुलिस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है.पुलिस पूरे नेटवर्क और इनके मकसद की भी गहराई से जांच कर रही.





