Hindi News / बासुकीनाथ में बड़ी कार्रवाई: 118 किलो मिलावटी पेड़ा और एक्सपायर्ड कोल्डड्रिंक्स ज़ब्त

JHARKHAND NEWS : बासुकीनाथ में बड़ी कार्रवाई: 118 किलो मिलावटी पेड़ा और एक्सपायर्ड कोल्डड्रिंक्स ज़ब्त

Edited By:  |
jharkhand news jharkhand news

बासुकीनाथ में श्रावणी मेले के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक बड़ा खुलासा किया है। मेले में बिकने वाले प्रसाद और खाने-पीने की चीजों में भारी मिलावट और लापरवाही का मामला सामने आया है, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं।दरअसल, श्रावणी मेले की शुरुआत के साथ ही बासुकीनाथ में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार एक्शन मोड में है। गुरुवार को भी टीम ने मेला क्षेत्र की अलग-अलग होटलों, चाय-नाश्ते की दुकानों और विशेषकर प्रसाद की दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।

इस दौरान जांच टीम के होश तब उड़ गए जब कई प्रतिष्ठित दुकानों पर फंगस (फफूंद) लगा हुआ पेड़ा मिला! इतना ही नहीं, धड़ल्ले से एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक्स और केमिकल युक्त हल्दी भी बेची जा रही थी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक्स और 118 किलोग्राम फंगस लगा हुआ जहरीला पेड़ा जब्त किया और उसे तुरंत नष्ट करा दिया। ताकि किसी भी श्रद्धालु की सेहत से खिलवाड़ न हो सके।

इस पूरी कार्रवाई को लेकर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अंजना रानी मिंज ने मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि—

"श्रावणी मेले में आने वाले हर एक श्रद्धालु को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिलना हमारी प्राथमिकता है। इसे सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन जांच अभियान चलाया जा रहा है। जो भी दुकानदार अशुद्ध, मिलावटी या एक्सपायर्ड सामान बेचते पकड़े जाएंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।"

अधिकारी ने दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी है कि वे तय मानकों के अनुसार ही खाद्य सामग्री बेचें। नकली या दूषित सामान बेचने पर भारी जुर्माना वसूला जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यही नहीं, अगर कोई दुकानदार दोबारा ऐसा करते पकड़ा गया, तो उस पर बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सीधा जेल भेजा जाएगा।प्रशासन की यह सख्त कार्रवाई उन तमाम दुकानदारों के लिए एक कड़ी चेतावनी है जो आस्था की आड़ में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।