JHARKHAND NEWS : गिद्दी में राहुल दुबे गैंग से पुलिस की मुठभेड़, दो अपराधी गोली लगने से घायल
हजारीबाग गिद्दी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो अपराधी गोली लगने से घायल हुए, जबकि एक अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में भाग निकला। पुलिस ने घायल दोनों अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग भेजा है।
बीते रात्रि करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि गिरोह के सदस्य कोयला खनन व ट्रांसपोर्टिंग क्षेत्र में बड़ी वारदात और लेवी वसूली की तैयारी में हैं।एसडीपीओ बड़कागांव अमित आनंद के नेतृत्व में एसआईटी ने गिद्दी-भुरकुंडा मार्ग स्थित पुराना कांटा घर के पास जांच शुरू की। इसी दौरान बाइक से तीन संदिग्ध पहुंचे और पुलिस को देखकर भागने लगे।पुलिस के पीछा करने पर अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के पैर में गोली लगी। दोनों के पास से दो देशी पिस्टल, दो जिंदा गोली, एक मिस फायर गोली, चार खोखे, बाइक, दो मोबाइल और राहुल दुबे के नाम के तीन पर्चे बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में लेवी वसूली के लिए हाईवा वाहनों पर फायरिंग की योजना की बात स्वीकार की है।





