चाईबासा:आखिरकार लंबे इंतजार के बाद भाजपा ने शनिवार को अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी. भारतीय जनता पार्टी द्वारा झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए अब तक 66 प्रत्याशियों की सूची जारी की गई है. इसमें पश्चिम सिंहभूम जिला के चाईबासा सदर विधानसभा से गीता बलमुचू,मझगांव विधानसभा क्षेत्र से बड़कुंवर गगराई,जगन्नाथपुर विधानसभा सीट से गीता कोड़ा और चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र से शशि भूषण समद को टिकट मिला है.

बता दें कि चाईबासा सदर विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी गीता बलमुचू पूर्व में चाईबासा नगर परिषद की अध्यक्ष रह चुकी हैं और लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी में शामिल रही हैं. पिछले लोकसभा चुनाव में वो लोकसभा संयोजक थी और सफलतापूर्वक पार्टी के सभी कार्यक्रम को कराया,भाजपा महिला मोर्चा की अधिकारी रही हैं. इसी तरह मझगांव से भाजपा प्रत्याशी बड़कुंवर गगराई लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे हैं. भाजपा के टिकट से दो बार विधायक बने और शिबू सोरेन सरकार में वह6माह के लिए मंत्री भी बने थे.

विधानसभा चुनाव2019में पार्टी ने उनका टिकट काट दिया था और भूषण पाठ पिंगुवा को टिकट दी थी जिसके कारण भाजपा की करारी हार हुई थी और झामुमो से निरल पूर्ति लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए थे. मझगांव विधानसभा में निरल पूर्ति और बड़कुंवर गगराई के बीच ही सीधा मुकाबला होता है. इसी तरह चक्रधरपुर विधानसभा से पूर्व विधायक शशि भूषण सामड़ को टिकट दिया गया है. शशि भूषण भी लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे, हालांकि बीच में वे भाजपा छोड़कर वह झामुमो में शामिल हुए थे और झामुमो के टिकट से चुनाव लड़कर चुनाव जीते थे और विधायक बने थे.

2019के विधानसभा चुनाव में झामुमो ने उनका टिकट काट दिया था और सुखराम उरांव को टिकट दिया था. शशि भूषण बीते विधानसभा चुनाव लड़े थे और चुनाव हार गए थे. जगन्नाथपुर विधानसभा से पूर्व सांसद और2024में लोकसभा की उम्मीदवार रहे गीता कोड़ा को भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है. गीता कोड़ा जगन्नाथपुर से पूर्व में भी दो बार विधायक चुनी गई है. गीता कोड़ा के पति पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा भी जगन्नाथपुर से तीन बार विधायक चुने गए हैं. जगरनाथपुर विधानसभा कोडा दंपति का अभेद किला,गढ़ माना जाता है. गीता कोड़ा2019में कांग्रेस में शामिल हुई थी और कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीत कर सांसद बनी थी और उन्होंने अपने खासम खास सोनाराम सिंकु को कांग्रेस का टिकट दिलाकर जगन्नाथपुर से विधायक बनाया था. अब वहीं सोनाराम सिंकु कोड़ा दंपति के खिलाफ खड़े हुए हैं. कोड़ा दंपति के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है और चुनाव लड़ने के लिए नामांकन पर्चा खरीदा है. सोनाराम कांग्रेस से प्रत्याशी हो सकते हैं. कांग्रेस के सिटिंग विधायक हैं.

बीते लोकसभा चुनाव में गीता कोड़ा भाजपा में शामिल हुई थी और लोकसभा चुनाव लड़ी थी,मगर उन्हें हार का सामना करना पड़ा,पार्टी ने फिर उन पर भरोसा बताते हुए जगन्नाथपुर से पार्टी का प्रत्याशी बनाया है.

चाईबासा से राजीव सिंह की रिपोर्ट---