झारखंड में SIR अभियान शुरू : गहन जांच के बाद वोटरों के नाम दिखेंगे सूची में,पक्ष-विपक्ष ने दिए अपने तर्क
रांची:झारखंड मेंमतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत आज से शुरू हो गई है. SIR अभियान 30 जून से शुरू होकर 29 जुलाई तक चलाई जाएगी. सभी BLO को मतदाताओं के घर-घर जाने का निर्देश दिया गया है. इस दौरान सभी मतदाताओं को दो-दो गणना पत्र दिए जाएंगे और फॉर्म भरने के बाद उनसे वापस भी लिए जाएंगे. जिसे मुख्य निर्वाचन कार्यालय में जमा किया जाना है. जहां गहन जांच के बाद वोटरों का नाम नई सूची में अंकित किया जाएगा.
SIR के जरिए घुसपैठिए को दिखाया जाएगा बाहर का रास्ता-BJP
इस पूरे मामले को लेकर झारखंड के विभिन्न दलों के नेताओं ने अपनी-आप की प्रतिक्रिया व्यक्त की है. झारखंड के मुख्य विपक्षी दल बीजेपी के मुख्य सचेतक और पार्टी की विधायक नवीन जायसवाल ने SIR प्रक्रिया को जरूरी बताया है. उन्होंने कहा कि राज्य के लिए यह बहुत जरूरी है कि सही मतदाताओं की पहचान हो सके और जो घुसपैठिए हैं उनको बाहर का रास्ता दिखाया जा सके. नवीन जायसवाल ने कहा कि बीते दिनों बंगाल में जिस प्रकार से SIR अभियान के तहत घुसपैठियों की पहचान की गई उसे सबक लेते हुए झारखंड में भी यह अभियान चलाया जा रहा है. जिस पर यहां के लोगों को पूरा भरोसा है. हालांकि, उन्होंने कहा कि BLO की कार्यशैली को थोड़ा और दुरुस्त करना होगा और जन जागरूकता के माध्यम से SIR अभियान झारखंड में भी सफल होगी.
SIR प्रक्रिया मेंनिष्पक्षता जरूरी-JMM
वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता नीलम मिश्रा ने बताया कि राज्य के लिए सही कदम है, लेकिन निर्वाचन आयोग और सरकार को पारदर्शिता और निष्पक्षता बरकरार रखनी चाहिए तभी SIR को सफल बनाया जा सकता है, उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी और झारखंड के लोग अपना पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हैं और SIR अभियान के तहत बनने वाले नए मतदाता सूची से झारखंड की जनता को काफी उम्मीदें हैं.
इधर, सरकार की ओर से इस अभियान को सफल बनाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाने का दावा किया जा रहा है. माना जा रहा है कि झारखंड में जो मतदाताओं की नई सूची बनेगी उसके माध्यम से निर्वाचन आयोग सभी को संतुष्ट करने का प्रयास करेगा.





