पटना।जल संसाधन तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय कुमार झा ने बुधवार को पटना जिले के मसौढ़ी प्रखंड में बेर्रा ग्राम के निकट दरधा नदी पर नवनिर्मित बेर्रा बराज और पईन के पुनर्स्थापन कार्य का स्थल निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये। बेर्रा बराज का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। जल संसाधन मंत्री ने निरीक्षण के दौरान इस बराज को लोकार्पण के लिए 15 अगस्त से पहले पूरी तरह तैयार कर लेने सहित कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।बेर्रा बराज को 15 अगस्त से पहले पूरी तरह तैयार करने के दिये निर्देश...

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जल संसाधन विभाग ने मसौढ़ी प्रखंड में बाढ़ से सुरक्षा और सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए दरधा नदी पर बेर्रा बराज का निर्माण कराया है। इसके बायें मुख्य नहर की लंबाई 8 किलोमीटर है, जबकि इससे निस्सृत लघु नहर की लंबाई भी 8 किलोमीटर है। इस महत्वपूर्ण कार्य से मसौढ़ी प्रखंड के महुआ बिगहा गाँव से बढ़नी गाँव तक अनेक गांवों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

वर्तमान में दरधा नदी में उच्चतम बाढ़ की स्थिति में इस चैनल से सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो पाती है, लेकिन बाढ़ अवधि समाप्त होते ही पुनः सिंचाई कार्य बाधित हो जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए इस बराज का निर्माण और 16 किलोमीटर में पईन का पुनर्स्थापन कार्य कराया गया है। इस महत्वपूर्ण सिंचाई योजना से मसौढ़ी प्रखंड के बेदरी बिगहा, बलैठा, बेर्रा, गेलहा बिगहा, नदौल, बहादुर बिगहा, रेमन, जेलल बिगहा, सगुनी, पकरी, शेखपुरा, गुलरिया बिगहा एवं बोर्नी आदि ग्रामों में लगभग 3187 हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ सिंचाई सुविधा उपलब्ध करायी जा सकेगी।