धनबाद बीजेपी में अंतरकलह : सम्मान समारोह में बवाल, झारखंड अध्यक्ष और सांसद के सामने हंगामा, 20 मिनट तक होते रही नारेबाजी

Edited By:  |
 Infighting in Dhanbad BJP  Infighting in Dhanbad BJP

धनबाद :लोकसभा चुनाव के दौरान शुरू हुआ धनबाद भाजपा में अंतरकलह समाप्त होता नहीं दिख रहा हैं, बल्कि अब तो यह और भी खुलकर सामने आने लगा हैं। इसका ताजा उदाहरण मंगलवार को धनबाद न्यू टाउन हॉल में आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता सम्मान समारोह में देखने को मिला। जहाँ आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने धनबाद विधायक राज सिन्हा के खिलाफ जमकर मुर्दाबाद जैसे नारे लगा प्रदेश अध्यक्ष के सामने ही विरोध जता दिया। कार्यकर्ता इतने आक्रोशित थे कि प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी,धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, पूर्व सांसद पशुपति नाथ सिंह सहित मंच पर उपस्थित अन्य भाजपा पदाधिकारियों के समझाने के बावजूद भी शांत होने का नाम नहीं ले रहे थे। कार्यकर्ता लगातार धनबाद विधायक राज सिन्हा पर लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी कार्य करने का आरोप लगा उनके खिलाफ मुर्दाबाद जैसे नारे लगा उनका विरोध जताते दिखे। प्रदेश अध्यक्ष और धनबाद सांसद द्वारा काफी समझाने के बाद कार्यकर्ता शांत हुए।

दरअसल धनबाद के न्यू टाउन हॉल में भाजपा द्वारा अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा और कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। जिसका धनबाद विधानसभा प्रभारी विधायक राज सिन्हा को बनाया गया था। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, पूर्व सांसद पशुपति नाथ सिंह मंच पर उपस्थित थे। इसी दौरान जैसे ही कार्यक्रम की शुरुआत हुई वैसे ही भाजपा कार्यकर्ता कार्यक्रम के धनबाद विधानसभा प्रभारी सह विधायक राज सिन्हा के खिलाफ कुर्सी से उठ कर अपना विरोध जताने लगें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मीडिया से बात करते हुए झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर बालू का अवैध खनन और उससे होने वाली अवैध कमाई करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हेमंत सोरेन जान बूझकर बालू घाटों की नीलामी नहीं कर रहे है, क्योंकि यदि बालू घाटों की नीलामी हो गई तो उससे आने वाली रकम सरकार के खजाने में जमा हो जाएगी, जो फिलहाल हेमंत सोरेन के घर की तिजोरी में जमा हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के अंदर होने वाले निर्माण कार्यो में लगने वाले बालू को तो सरकार को फ्री कर देना चाहिए, लेकिन सरकार अवैध वसूली करने के चक्कर में राज्य के अंदर ट्रैक्टरों से होने वाली बालू ढुलाई को तो पकड़ रही है, लेकिन वही दूसरी ओर वो बालू जो हाइवा ट्रकों में भरकर राज्य से बाहर यूपी, बिहार, बंगाल आदि राज्यों में अवैध रूप से भेजा जा रहा है उस ओर देखती भी नहीं है, क्योंकि इससे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अवैध कमाई जो हो राह है।

धनबाद से कुंदन की रिपोर्ट