गिरिडीह बैडमिंटन टूर्नामेंट का आगाज : सुदिव्य कुमार सोनू ने किया उद्घाटन,कहा-सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत
गिरिडीह:शहर के इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम में शुक्रवार को तीन दिवसीय जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट का भव्य आगाज हुआ. नवजीवन नर्सिंग होम के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड सरकार के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों,अभिभावकों और खेल प्रेमियों की उत्साहपूर्ण मौजूदगी देखने को मिली. इस अवसर पर खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है.
मंत्री ने कहा कि खिलाड़ी अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें. सरकार ग्रामीण और जिला स्तर पर खेल सुविधाओं को मजबूत कर रही है,ताकि यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन कर सके.
जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु के करीब 250 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
कार्यक्रम में मेयर प्रमिला मेहरा, उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा, जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष दिनेश यादव, नवजीवन नर्सिंग होम की निदेशक डॉ. स्वाति बगड़िया, उपाध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.





