दुल्हन,बंदूक और फायरिंग : कानून को दिखाया ठेंगा, हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल


खगड़िया : शादी या अन्य खुशी के मौके पर कानून को ठेंगा दिखा कर अक्सर हर्ष फायरिंग होते आपने देखा और सुना होगा, लेकिन भरी महफ़िल में सुर्ख लाल जोड़े में सजी किसी दुल्हन के द्वारा स्टेज पर हर्ष फायरिंग करते नहीं देखा होगा। यह दुल्हन कोई और नहीं सरकारी मुलाजिम की दुल्हन है।
जी हां ,ऐसा ही मामला खगड़िया जिले के भरतखण्ड सहायक थाना के मुस्लिम टोला से सामने आ रहा है जहां PHED बिभाग में इंजीनियर के पद पर कार्यरत मोहम्मद आसिफ की नई-नवेली दुल्हन ने स्टेज पर फायरिंग किया है। आपको बता दें कि रिसेप्शन पार्टी चल रही थी। पार्टी में मेहमानों से महफ़िल सजी थी वहीँ स्टेज पर दूल्हा मोहम्मद आशिफ अपनी नई नवेली दुल्हन के साथ स्टेज पर बैठे थे।
इसी बीच दुल्हन का भाई बंदूक लेकर अपनी बहन के पास स्टेज पर आता है और बंदूक दुल्हन के हाथों में दे देता है। जिसके बाद दुल्हन बंदूक के ट्रिगर पर हाथ रखकर दनादन फायरिंग करने लगती है। दुल्हन के इस अंदाज को देख पार्टी में मौजूद लोग दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर हो गए।
वहीँ इस समारोह में मौजूद किसी शख्स ने फायरिंग का वीडियो मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया में डाल दिया जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस हरकत में आई और वायरल वीडियो की जांच पड़ताल में जुट गई। भरतखण्ड सहायक थाना के थाना प्रभारी ने कहा कि वायरल वीडियो मुस्लिम टोला का है , रिसेप्शन पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग हुई थी। दुल्हन को बंदूक देने वाला युवक की पहचान हो गयी है। दुल्हन और दुल्हन के भाई के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।