पश्चिम चंपारण से डॉ. संजय जायसवाल ने किया नामांकन : NDA नेताओं का हुआ महाजुटान, चौथी बार आजमा रहे हैं किस्मत

Edited By:  |
Reported By:
 Dr. Sanjay Jaiswal filed nomination from West Champaran  Dr. Sanjay Jaiswal filed nomination from West Champaran

बेतिया :पश्चिम चंपारण लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी डॉ. संजय जायसवाल ने मंगलवार को नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले संजय जायसवाल अपनी पत्नी डॉ. मंजू चौधरी के साथ शहर के दुर्गाबाग मंदिर और काली धाम मंदिर में पूजा-पाठ किए। उसके बाद संजय जायसवाल हजारों कार्यकर्ताओं के साथ शहर भ्रमण के लिए निकले।

नामांकन से पहले रोड शो और रैली हुई। इसमें बिहार के दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, चिराग पासवान, पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी, राजू तिवारी चनपटिया विधायक उमाकांत सिंह शामिल हुए।

चौथी बार बेतिया से आजमा रहे हैं किस्मत

बता दें कि संजय जायसवाल पश्चिम चंपारण से लगातार तीन बार चुनाव जीत चुके हैं। चौथी बार बीजेपी ने फिर उनपर भरोसा जताया है। संजय जायसवाल ने बताया कि वो तीन बार जीत चुके हैं और उन्हें लोगों का पूरा सहयोग मिला है। इस बार बीजेपी 400 के पार जाएगी। वहीं, महागठबंधन की ओर से कांग्रेस ने इस बार ब्राह्मण कार्ड खेला है। इस बार कांग्रेस ने पूर्व कांग्रेस विधायक मदन मोहन तिवारी को चुनाव मैदान में उतारा है।

बड़े मार्जिन से चुनाव जीतेगी एनडीए

वहीं, संजय जायसवाल ने नामांकन दाखिल करने के बाद कहा कि चौथी बार चुनाव लड़ रहा हूं। पीएम मोदी के कारण हर बार वोट की संख्या बढ़ी है। इस बार भी एनडीए एक बड़े मार्जिन से चुनाव जीतेगी। वहीं, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आज संजय जायसवाल ने नामांकन दाखिल कर दिया है। इस बार फिर उनकी जीत होगी।

वहीं, उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा आजादी के बाद से लंबे समय तक कांग्रेस ने ओबीसी, गरीब और बाकी लोगों को बरगलाने का काम किया है। इनके लिए कभी भी विकास का काम नहीं किया। जहां तक बात है बिहार में जीत की तो जनता का उत्साह बता रहा है कि सभी 40 सीट पर एनडीए की जीत होगी।


Copy